हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट
*जगदलपुर में बोधघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 किलो डोडा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार*
*जगदलपुर:* बस्तर में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बोधघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर प्रतिबंधित मादक पदार्थ डोडा (Poppy Straw) की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 3 किलो डोडा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। 16 अक्टूबर की शाम थाना बोधघाट को सूचना मिली कि मेटगुड़ा स्थित रेलवे स्कूल ग्राउंड के पास दो लोग अवैध रूप से डोडा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान किशोर दास (45 वर्ष) निवासी मेटावाड़ा और अंबर कश्यप (37 वर्ष) निवासी मेटगुड़ा के रूप में हुई।
तलाशी में उनके पास रखे सफेद झिल्ली और कैरी बैग में 8 पैकेट मिले, जिनमें 1.021 किलो डोडा था। इसकी कीमत 10,210 रुपये आंकी गई।
निशानदेही पर तीसरा आरोपी धराया
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे महादेवघाट निवासी अस्सू देवांगन के साथ मिलकर ये काम करते हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हाटकचोरा मेन रोड पर दबिश दी। वहां ट्रॉली बैग के साथ खड़े अस्सू देवांगन (45 वर्ष) निवासी महादेवघाट को पकड़ा गया। उसके बैग से 9 पैकेट में 1.973 किलो डोडा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 19,730 रुपये है।
इस तरह दोनों जगहों से कुल 2.994 किलोग्राम डोडा, कीमत 29,940 रुपये जब्त किया गया।
NDPS एक्ट में केस दर्ज
तीनों आरोपियों के पास डोडा रखने या बेचने का कोई वैध कागजात नहीं था। पुलिस ने 17 अक्टूबर को तीनों को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी को विशेष NDPS न्यायालय जगदलपुर में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अफसाना, सहायक उप निरीक्षक सतीश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहट, आरक्षक दीपक मिंज, युवराज ठाकुर, परमानंद भोयर और कामदेव दर्रों का विशेष योगदान रहा।
बस्तर पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
-
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!