मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर बस्तर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
जगदलपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
700 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
जगदलपुर, 17 सितम्बर 2026/ खेल परिसर जगदलपुर में गुरुवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य और रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रदेश के विभिन्न संभागों से पहुंचे करीब 700 खिलाड़ियों और कोचों की मौजूदगी से पूरा परिसर खेल भावना और जबरदस्त उत्साह से सराबोर नजर आया।
समारोह के मुख्य अतिथि सांसद श्री महेश कश्यप ने प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय फलक पर आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर प्रदान करती हैं। सांसद ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
विशिष्ट अतिथि चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि बस्तर और ग्रामीण वनांचल के बच्चों में नैसर्गिक खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इस तरह के भव्य आयोजनों से दूरदराज के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक मजबूत मंच मिलता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरे मनोबल, लगन और अनुशासन के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, रग्बी और हैंडबॉल की विभिन्न स्पर्धाओं में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। इनमें एथलेटिक्स स्पर्धाएं 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के बीच आयोजित की जा रही हैं, जबकि रग्बी और हैंडबॉल की प्रतिस्पर्धाओं में 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में खेल विभाग के सभापति श्री वनवासी मौर्य, स्टेट गाइड के जिला मुख्य आयुक्त श्री सुरेश गुप्ता, पार्षद श्रीमती पूनम सिन्हा, जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, जिला मिशन समन्वयक अशोक पांडे सहित जनप्रतिनिधिगण, शिक्षा एवं खेल विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!