✍️स्टेट रिपोर्टर मनोज भट्ट हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ बस्तर
*जगदलपुर -* बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक के छात्रावासों एवं आश्रमों में बच्चों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष एवं बस्तर विधायक श्री लखेश्वर बघेल ने आज सघन निरीक्षण किया।
विधायक श्री बघेल ने मूली कन्या छात्रावास, पोस्ट मैट्रिक एवं प्री-मैट्रिक छात्रावास मूली तथा बालक आश्रम बारदा का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के रहने, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बिस्तर, कंबल-चादर और मच्छरदानी सहित अन्य सभी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
*मूली कन्या छात्रावास में रसोई तक पहुंचे विधायक -*
मूली कन्या छात्रावास में विधायक सीधे रसोई में पहुंच गए और भोजन की गुणवत्ता एवं मात्रा की जांच की। इसके बाद उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई और परीक्षा परिणाम के संबंध में जानकारी ली तथा अच्छे प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। निरीक्षण के दौरान कुछ कमरों की जर्जर स्थिति और वेंटिलेशन की कमी सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में शीघ्र सुधार के निर्देश दिए।
पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में फूटी नाराजगी
पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में पानी एवं स्वच्छता की गंभीर समस्या को लेकर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई। बच्चों ने उन्हें बताया कि उन्हें कंबल और मच्छरदानी उपलब्ध नहीं कराई गई है, तथा जो मच्छरदानियां दी गई हैं उनकी गुणवत्ता बेहद खराब है। विधायक ने स्वयं मच्छरदानी की स्थिति देखी और बच्चों को उसके सही उपयोग एवं रखरखाव की जानकारी दी।
पेयजल की गंभीर समस्या को देखते हुए विधायक श्री लखेश्वर बघेल ने मौके से ही पीएचई विभाग के उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर तत्काल कार्रवाई करने और समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि आदिवासी बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!