✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। बारिश और बदलते मौसम के बीच छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ते नजर आ रहे हैं। प्रदेश में अब तक 38 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, जिनमें अकेले रायपुर के 25 मामले शामिल हैं। रायपुर में सामने आए मरीजों में आधे से अधिक के एक्टिव होने की जानकारी सामने आई है।
रायपुर के अलावा बिलासपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, बस्तर, बेमेतरा और रायगढ़ में भी स्वाइन फ्लू के मरीज मिलने की जानकारी है। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए सरकारी अस्पतालों में संदिग्ध मरीजों की जांच और उपचार के निर्देश दिए हैं।
संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे
स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के बाद सरकारी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर उनके सैंपल लैब में भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को उचित उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
मौसमी इन्फ्लूएंजा का ही हिस्सा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, स्वाइन फ्लू अब मौसमी इन्फ्लूएंजा का हिस्सा माना जाता है और इसका व्यवहार अन्य मौसमी वायरस की तरह हो सकता है। भीड़भाड़ वाली और कम हवादार जगहों पर संक्रमण फैलने का खतरा अधिक रहता है।
स्कूल, कार्यालय, सार्वजनिक परिवहन और अन्य बंद स्थानों में संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से वायरस दूसरे लोगों तक पहुंच सकता है। ऐसे में बदलते मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने और फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत है।
स्वास्थ्य विभाग की निगरानी के बीच अब प्रदेश में सामने आ रहे नए मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!