✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में आज 16 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें सबसे ज्यादा 8 मरीज रायपुर जिले से सामने आए हैं।
नए मामलों के साथ जनवरी 2026 से अब तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 251 हो गई है।
जानें कहां कितने मरीज मिले
- रायपुर – 8 नए मरीज
- बिलासपुर – 3 नए मरीज
- कोरबा – 4 नए मरीज
- रायगढ़ – 1 नया मरीज
इस तरह प्रदेश में एक दिन में कुल 16 नए मामलों की पुष्टि हुई है।
रायपुर में सबसे ज्यादा 108 मरीज
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी 2026 से अब तक रायपुर जिले में सबसे ज्यादा 108 स्वाइन फ्लू मरीज सामने आ चुके हैं। नए मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और उपचार व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
89 मरीज एक्टिव, 22 होम आइसोलेशन में
प्रदेश में वर्तमान में 89 स्वाइन फ्लू मरीज एक्टिव बताए गए हैं। इनमें 22 मरीज होम आइसोलेशन में उपचार करा रहे हैं, जबकि 67 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू से एक भी मौत दर्ज नहीं हुई है।
स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों की निगरानी के साथ अस्पतालों में उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है।
लक्षण दिखने पर तुरंत लें चिकित्सकीय सलाह
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी
जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय पर डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी गई है। संक्रमण की आशंका होने पर दूसरों के संपर्क में आने से बचने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!