✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
बड़े एवं हवादार कमरों का उपयोग विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए होगा, क्लासरूम को कार्यालय या स्टाफ रूम बनाने पर रोक
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने प्राचार्यों की जवाबदेही तय की है। मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी नए दिशा-निर्देशों के तहत अब संस्था प्रमुखों को प्रशासनिक एवं वित्तीय जिम्मेदारियों के साथ विद्यार्थियों को अध्यापन भी कराना होगा।
प्राचार्यों को प्रतिदिन कम से कम दो पीरियड पढ़ाना होगा
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने प्रदेश के समस्त संभागीय संयुक्त संचालकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के अनुसार शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य अपने प्रशासनिक और वित्तीय दायित्वों का निर्वहन करने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार प्रतिदिन कम से कम दो पीरियड अध्यापन कार्य करेंगे। इसका उद्देश्य संस्था प्रमुखों को शैक्षणिक गतिविधियों से सीधे जोड़ना और विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है।
क्लासरूम को कार्यालय या स्टाफ रूम बनाने पर रोक
विभाग ने विद्यालय भवन में उपलब्ध कमरों के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कई स्थानों पर अध्ययन-अध्यापन के लिए निर्धारित बड़े कमरों का उपयोग प्राचार्य कक्ष, कार्यालय अथवा स्टाफ रूम के रूप में किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
नए निर्देशों के अनुसार विद्यालय भवन की ड्राइंग एवं डिजाइन में निर्धारित प्राचार्य कक्ष, लिपिक कक्ष एवं स्टाफ कक्ष में ही संबंधित अधिकारी-कर्मचारी बैठेंगे। निर्धारित कक्षों के अतिरिक्त किसी भी क्लासरूम का उपयोग प्राचार्य, लिपिक अथवा अन्य स्टाफ के बैठने के लिए नहीं किया जाएगा।
बड़े कमरों में बैठेंगे विद्यार्थी
स्कूल परिसर में उपलब्ध बड़े एवं हवादार कमरों का उपयोग प्राथमिकता के आधार पर छात्र-छात्राओं के अध्ययन-अध्यापन के लिए किया जाएगा। विभाग का मानना है कि विद्यार्थियों को पर्याप्त स्थान और बेहतर वातावरण उपलब्ध होने से शिक्षण व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी।
नए दिशा-निर्देशों के बाद विद्यालयों में उपलब्ध कक्षों के उपयोग की व्यवस्था में बदलाव आने की उम्मीद है। साथ ही प्राचार्यों की शैक्षणिक जिम्मेदारी तय होने से संस्था प्रमुखों की भूमिका केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वे नियमित रूप से विद्यार्थियों की पढ़ाई से भी जुड़े रहेंगे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!