✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। दुर्ग जिले में अब तक 13 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें चार मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि दो मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है। वहीं सात संक्रमित मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है।
🔴 स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे के अनुसार, H1N1 संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। जिले के सभी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी मरीज की H1N1 रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर तत्काल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी जाए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों के उपचार के साथ-साथ संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
🔴 बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को ज्यादा खतरा
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं में H1N1 संक्रमण का जोखिम अपेक्षाकृत अधिक हो सकता है। ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
⚠️ नागरिकों से स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है—
🔹 भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
🔹 जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें।
🔹 हाथों को साबुन और पानी से बार-बार धोते रहें।
🔹 आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
🔹 बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें।
🔹 लक्षण होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर से संपर्क कर जांच और उचित उपचार कराएं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!