छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के पहले दिन 20,460 टन की आवक, 5,841 किसानों ने बेची फसल
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर - मनोज कुमार भट्ट
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ जोरदार तरीके से हुआ। पहले ही दिन प्रदेशभर के खरीदी केंद्रों में किसानों की भारी भीड़ उमड़ी। पहले दिन कुल 5,841 किसानों ने 20,460 टन धान बेचा।
सरकार ने इस बार किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान करने का फैसला किया है। इसमें समर्थन मूल्य के साथ कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली आदान सहायता भी शामिल है।
3100 रुपए क्विंटल, 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा
इस बार सरकार ने नियम साफ कर दिया है कि एक एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान की ही खरीदी होगी।
अगर कोई किसान 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तो भी उसे नुकसान नहीं होगा। उसे प्रति एकड़ के हिसाब से 13,839 रुपए की आदान सहायता एक समान दी जाएगी। इस फैसले से छोटे किसानों में काफी खुशी है।
3100 केंद्रों पर खरीदी, 27.50 लाख किसानों का पंजीयन
इस बार खरीदी को आसान बनाने के लिए सरकार ने केंद्रों की संख्या बढ़ा दी है। पिछले साल जहां 2740 केंद्र थे, इस बार 3100 केंद्र बनाए गए हैं।
इस साल प्रदेश में 27 लाख 50 हजार से ज्यादा किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। खरीदी को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए तुंहर टोकन ऐप, एग्रीस्टैक, डिजिटल क्रॉप सर्वे और बायोमेट्रिक पहचान की व्यवस्था लागू की गई है।
पहले दिन ही आईं कुछ दिक्कतें भी
खरीदी के पहले दिन उत्साह के साथ-साथ कुछ परेशानियां भी सामने आईं।
1. टोकन में देरी: दुर्ग जिले के किसान तुलाराम देशमुख को ऑनलाइन टोकन के लिए 21 जनवरी की तारीख मिली है। इससे किसान चिंता में हैं कि उनका धान समय पर बिक पाएगा या नहीं।
2. रकबा कम दर्ज: एक और किसान शिवप्रसाद निर्मलकर का कहना है कि रिकॉर्ड में उनका करीब डेढ़ एकड़ रकबा कम दर्ज है, जिसकी वजह से वे करीब 33 क्विंटल धान नहीं बेच पाएंगे।
3. सुकमा में टोकन नहीं कटा
: सुकमा जिले में पहले दिन किसी भी किसान का टोकन नहीं कट पाया।
कोरबा में गीतांजलि ने बेचा सबसे पहला धान
कोरबा जिले के हरदीबाजार केंद्र में किसान गीतांजलि डहरिया ने सबसे पहले 12.80 क्विंटल धान बेचा। उनको केंद्र में सम्मान के साथ धान बेचने की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
वहीं धमतरी जिले में पहले दिन 550 से ज्यादा किसानों ने टोकन कटवाया और केंद्रों में आवक शुरू हो गई।
अवैध धान रोकने के लिए चेक पोस्ट
दूसरे राज्यों से आने वाले अवैध धान को रोकने के लिए सरकार ने सख्ती की है। महासमुंद में 15 और सुकमा में 14 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। महासमुंद में खरीदी से एक दिन पहले ही करीब 300 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया था।
दुर्ग जिले के 39 संवेदनशील खरीदी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
कलेक्टरों ने किया निरीक्षण
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने पहले दिन जोरा, मुरेठी और नगपुरा केंद्रों का निरीक्षण किया और किसानों से बात करके व्यवस्था का जायजा लिया।
कुल मिलाकर पहले दिन की खरीदी से किसानों में खुशी है, लेकिन टोकन और रकबा वाली दिक्कतों को लेकर प्रशासन को जल्द सुधार करने की जरूरत है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!