✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भूरसा तरहुल में पुलिस ने एक खेत से गांजे के 850 से अधिक पौधे बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने खेत मालिक सुभाष कोरेटी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम भूरसा तरहुल में एक ग्रामीण अपने खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत की जांच की। तलाशी के दौरान खेत में बड़ी संख्या में गांजे के पौधे मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
घर से लगे खेत में उगा रखे थे पौधे
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने घर से लगे खेत में करीब 850 से अधिक गांजे के पौधे लगाए थे। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह स्वयं गांजे का सेवन करता है। इसी कारण उसने गांजे के बीज तैयार कर अलग-अलग स्थानों पर रोपे थे। समय के साथ पौधे बड़े होकर फसल के रूप में तैयार हो गए।
विशेषज्ञ टीम ने की पौधों की जांच
मौके पर पुलिस ने विशेषज्ञ टीम को बुलाकर जब्त किए गए पौधों की जांच कराई। जांच में पौधों के गांजे के होने की पुष्टि की गई। इसके बाद पुलिस ने पूरी फसल को जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
पुलिस अब मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में गांजे के पौधे लगाने में आरोपी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही गांजे की खेती के पीछे उसका उद्देश्य क्या था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!