✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
महासमुंद/कोंडागांव। छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महासमुंद और कोंडागांव पुलिस ने पांच अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 116.390 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 58 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई में 13 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है।
महासमुंद में 60.920 किलो गांजा बरामद
महासमुंद पुलिस ने 23 अगस्त को तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 60.920 किलो गांजा जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख 46 हजार रुपये है। पुलिस ने इन मामलों में छह आरोपियों को पकड़ा है। गांजे के साथ वाहन और मोबाइल समेत करीब 28 लाख 22 हजार रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई।
पहली कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारीपाली के पास एनएच-53 पर हुई। पुलिस ने यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल से ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे कलीम शेख (33) और राजेश धुनधरे (24) को पकड़ा। इनके कब्जे से 15.720 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 7.86 लाख रुपये है।
दूसरी कार्रवाई रेहटीखोल एनएच-53 पर वाहन जांच के दौरान हुई। पुलिस ने टोयटा कार की तलाशी लेकर 33.780 किलो गांजा बरामद किया। मामले में कर्नाटक निवासी महेश रेड्डी (36) को गिरफ्तार किया गया। जब्त गांजे की कीमत करीब 16.89 लाख रुपये बताई गई है।
वहीं, कोमाखान थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास कार्रवाई करते हुए राहुल साहू (25), आयुष यादव (20) और एक नाबालिग को पकड़ा। इनके पास से 11.420 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 5.71 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
कोंडागांव में 55.470 किलो गांजा जब्त
इधर, कोंडागांव पुलिस ने भी दो अलग-अलग वाहनों से 55.470 किलो गांजा बरामद किया है। कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बायपास रोड, नया बस स्टैंड के पीछे चिखलपुटी और दुधगांव एनएच-30 मार्ग पर नाकाबंदी कर की।
पुलिस ने महिंद्रा थार और एक अन्य कार को रोककर तलाशी ली। दोनों वाहनों की डिक्की से कुल आठ पैकेट में 55.470 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख 74 हजार 500 रुपये है।
पुलिस ने गांजे के अलावा दोनों वाहन और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए। पूरी जब्ती की अनुमानित कीमत करीब 59 लाख 34 हजार 500 रुपये बताई गई है।
इस मामले में मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के रहने वाले आक्तर खान (22), लक्ष्मण खटीक (32), भावेश केंवट (20), देव सेन (19), अरूण सैन (20), संजय पाल (19) और वीकेश यादव (20) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, 16 वर्षीय एक बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
दोनों जिलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गांजा तस्करी के सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट और आर्थिक नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!