✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सत्र 2025-26 के दौरान अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों को मिलने वाली राज्य छात्रवृत्ति का लाभ अब तक 3.40 लाख से अधिक छात्रों तक नहीं पहुंच पाया है। छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
14.79 लाख विद्यार्थियों को मिलनी थी छात्रवृत्ति
विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 14,79,854 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाना था। इनमें से अब तक 11,38,873 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि मिल चुकी है। वहीं 3,40,981 विद्यार्थी अभी भी छात्रवृत्ति से वंचित हैं।
छात्रवृत्ति नहीं मिलने के पीछे आधार सीडिंग, ई-केवाईसी और पोर्टल पर जानकारी अपडेट नहीं होने जैसी समस्याएं प्रमुख कारण बताई जा रही हैं।
आधार सीडिंग बनी सबसे बड़ी अड़चन
छात्रवृत्ति भुगतान के लिए विद्यार्थियों के बैंक खाते में आधार सीडिंग जरूरी है। कई विद्यार्थियों ने बैंक जाकर आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी करा ली है, लेकिन संबंधित छात्रवृत्ति पोर्टल पर इसकी जानकारी अपडेट नहीं हो रही है।
इसके कारण पात्रता पूरी करने के बावजूद कई विद्यार्थियों का भुगतान अटक गया है। बैंक और पोर्टल के बीच जानकारी अपडेट नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ई-केवाईसी अपडेट नहीं होने से भी परेशानी
राशन कार्ड में ई-केवाईसी की स्थिति भी छात्रवृत्ति भुगतान में बाधा बन रही है। कई विद्यार्थियों और अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने दो से तीन महीने पहले ही ई-केवाईसी करा ली थी, लेकिन पोर्टल पर अब तक इसका अपडेट दिखाई नहीं दे रहा है।
ऐसे में छात्र और उनके अभिभावक बैंक, संबंधित विभाग और कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद पोर्टल पर अपडेट नहीं होने के कारण उन्हें बार-बार दस्तावेज और जानकारी सत्यापित कराने पड़ रही है।
3.40 लाख विद्यार्थियों को राहत का इंतजार
प्रदेश में लाखों विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि मिलने का इंतजार है। विद्यार्थियों और अभिभावकों की मांग है कि आधार सीडिंग और ई-केवाईसी से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को जल्द दूर किया जाए और पोर्टल पर लंबित जानकारी अपडेट कर पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि जारी की जाए।
अब नजर इस बात पर है कि विभाग इन तकनीकी अड़चनों को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है और 3,40,981 वंचित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि कब तक मिल पाती है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!