✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्टेट हेड रिपोर्टर — किशोर कुमार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने को लेकर शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही नेटवर्क की समस्या अब काफी हद तक दूर होने जा रही है। स्कूल शिक्षा विभाग ने विद्या समीक्षा केंद्र एप को अपग्रेड कर ऑफलाइन मोड और बायोमीट्रिक ऑथेंटिकेशन की सुविधा जोड़ दी है।
इंटरनेट के बिना भी लगा सकेंगे हाजिरी
नई व्यवस्था के तहत शिक्षक स्कूल परिसर में बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी मोबाइल से चेक-इन कर सकेंगे। उपस्थिति का रिकॉर्ड मोबाइल में सुरक्षित रहेगा और नेटवर्क या वाई-फाई उपलब्ध होते ही यह जानकारी स्वतः मुख्य सर्वर पर सिंक हो जाएगी।
इस सुविधा से उन स्कूलों के शिक्षकों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है, जहां नेटवर्क कमजोर रहता है या इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है।
करीब 1.75 लाख शिक्षक-कर्मचारियों को फायदा
विभाग के इस बदलाव से प्रदेश के प्राथमिक, माध्यमिक और हायर सेकंडरी स्कूलों के साथ-साथ शिक्षा विभाग के कार्यालयों में पदस्थ करीब 1.75 लाख शिक्षक-कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
विशेष रूप से बस्तर, सरगुजा, गरियाबंद और बिलासपुर संभाग के नेटवर्क विहीन और दूरस्थ क्षेत्रों में पदस्थ शिक्षकों के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बायोमीट्रिक से होगी पहचान की पुष्टि
विद्या समीक्षा केंद्र एप में बायोमीट्रिक ऑथेंटिकेशन जुड़ने से कर्मचारी की पहचान की भी पुष्टि की जा सकेगी। नई व्यवस्था में चेक-इन का समय, तारीख, बायोमीट्रिक सत्यापन और जीपीएस से संबंधित जानकारी सुरक्षित रहेगी।
विभाग का उद्देश्य जीपीएस मिसमैच, गलत समय दर्ज होने और नेटवर्क की वजह से उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाने जैसी तकनीकी समस्याओं को कम करना है।
नेटवर्क आते ही सर्वर से सिंक होगा डेटा
ऑफलाइन मोड में दर्ज की गई उपस्थिति मोबाइल में सुरक्षित रहेगी। जैसे ही मोबाइल में नेटवर्क या वाई-फाई उपलब्ध होगा, एप के माध्यम से यह डेटा मुख्य सर्वर पर स्वतः अपडेट हो जाएगा।
इससे कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों को बार-बार इंटरनेट की तलाश में परेशान नहीं होना पड़ेगा।
वेतन कटौती को लेकर था शिक्षकों में असमंजस
ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था को लेकर पिछले महीने शिक्षकों के बीच वेतन कटौती को लेकर चिंता भी सामने आई थी। लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से ऑनलाइन दर्ज उपस्थिति के आधार पर वेतन संबंधी निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद शिक्षक संगठनों ने नेटवर्क की समस्या का हवाला देते हुए विरोध जताया था।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने तकनीकी कारणों से वेतन नहीं काटने का आश्वासन दिया था। 25 अगस्त को रायपुर में शिक्षा अधिकारियों की बैठक में भी ऑनलाइन उपस्थिति से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा उठा था।
इसके बाद विभाग की ओर से विद्या समीक्षा केंद्र एप को अपग्रेड कर ऑफलाइन और बायोमीट्रिक सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे दूरस्थ और नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों-कर्मचारियों को ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!