✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
आधुनिक तकनीक से जीवंत हुई जनजातीय नायकों के शौर्य, बलिदान और संघर्ष की गौरवगाथा, नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की अनूठी पहल
नवा रायपुर, छत्तीसगढ़17 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय विरासत, गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक पहचान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पहचान मिल रही है। नवा रायपुर में स्थापित देश का पहला डिजिटल जनजातीय संग्रहालय जनजातीय समाज के शौर्य, बलिदान, संघर्ष और गौरवशाली परंपराओं को जीवंत स्वरूप में प्रस्तुत कर रहा है।
यह संग्रहालय केवल ऐतिहासिक धरोहरों के प्रदर्शन का केंद्र नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और गौरवशाली अतीत को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर सामने आया है।
डिजिटल तकनीक से जीवंत हो रही इतिहास की गौरवगाथा
संग्रहालय में आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से जनजातीय नायकों के योगदान, उनके संघर्षों और ऐतिहासिक घटनाओं को आकर्षक एवं जीवंत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। यहां जनजातीय कला, लोक संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की पहल
आज के डिजिटल दौर में यह संग्रहालय युवाओं और विद्यार्थियों के लिए जनजातीय इतिहास को करीब से जानने और समझने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। इसके जरिए आने वाली पीढ़ियां जनजातीय महापुरुषों के त्याग, बलिदान, वीरता और समाज के प्रति उनके योगदान से परिचित हो सकेंगी।
जनजातीय अस्मिता और गौरव को मिल रही नई पहचान
छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी विविधतापूर्ण जनजातीय संस्कृति और परंपराओं से भी जुड़ी हुई है। ऐसे में नवा रायपुर का यह डिजिटल जनजातीय संग्रहालय प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और राष्ट्रीय स्तर पर उसकी पहचान को सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा जनजातीय समाज की विरासत, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है। डिजिटल जनजातीय संग्रहालय इसी दिशा में प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करने का माध्यम है।
यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देता है कि जनजातीय समाज का इतिहास केवल अतीत की कहानी नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान, स्वाभिमान और गौरव का अभिन्न हिस्सा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!