Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति से सजेगा राज्योत्सव का मंच, 2 नवंबर को खेलभांठा मैदान में होगा भव्य आयोजन

State Head - H.R.SAHU
State Head - H.R.SAHU
5 Min Read 0 Comments
Chhattishgarh local news
Chhattishgarh local news

✍️हेतराम साहू स्टेट हेड- रिपोर्टर

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

 

छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति से सजेगा राज्योत्सव का मंच, 2 नवंबर को खेलभांठा मैदान में होगा भव्य आयोजन

 

शाम 4 बजे से शुरू होगी सांस्कृतिक संध्या, सांसद राधेश्याम राठिया होंगे मुख्य अतिथि; कलेक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा

 

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में शाम 4 बजे से आयोजित होने वाले इस समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

 

समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा तथा वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय एवं नगर पालिका सारंगढ़ अध्यक्ष श्रीमती सोनी अजय बंजारे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

 

कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

 

राज्योत्सव समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल खेलभांठा मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बेहतर साउंड सिस्टम, मंच एवं बैठक व्यवस्था के साथ दर्शकों की सुविधा के अनुरूप यातायात और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर एवं प्रभारी एसडीएम श्री दशरथ राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डिप्टी कलेक्टर श्री शंकर लाल सिन्हा, श्रीमती वर्षा बंसल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने भी यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य और संगीत से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

 

राज्योत्सव में स्थानीय कलाकारों, विद्यालयों एवं विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे से 4:30 बजे तक छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों की प्रस्तुति से होगी। इसके बाद कन्या छात्रावास सारंगढ़ द्वारा सुवा नृत्य, कु. अनुपा केशरवानी द्वारा कथक, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगढ़ द्वारा संबलपुरी नृत्य, मिशिका गुप्ता द्वारा ओडिशी तथा अपेका केशरवानी द्वारा कथक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।

 

मुख्य अतिथि के आगमन के पश्चात शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अगली कड़ी शुरू होगी। इसमें सितार-तबला जुगलबंदी, समूह कथक, आदिवासी नृत्य, जसगीत, दिव्यांग स्कूल की नृत्य प्रस्तुति, ओडिशी, पंथी नृत्य, राउत नाचा, भरतनाट्यम, नाट्य प्रस्तुति एवं कर्मा नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

 

रात 8:10 बजे से 9:30 बजे तक छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां होंगी, जिसके साथ सांस्कृतिक संध्या का समापन होगा।

 

कलेक्टर की जिलेवासियों से अपील

 

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में राज्योत्सव समारोह में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की गौरवशाली कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने की अपील की है। राज्योत्सव का यह आयोजन जिलेवासियों के लिए उत्साह, उमंग और छत्तीसगढ़िया गौरव का विशेष अवसर बनेगा।

State Head - H.R.SAHU
Written by

State Head - H.R.SAHU

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos