चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में दी गई भावभीनी विदाई: तीन वर्षों से अधिक के ऐतिहासिक कार्यकाल की उपलब्धियों को किया गया याद

बिलासपुर:
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा के सम्मान में रजिस्ट्री परिवार (अधिकारियों एवं कर्मचारियों) द्वारा एक गरिमामय एवं भावपूर्ण आभार सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर माननीय न्यायाधीपतिगण, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री में पदस्थ न्यायिक अधिकारीगण सहित उच्च न्यायालय के बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक दक्षता और कर्मचारी हितैषी निर्णयों की सराहना
समारोह के दौरान वक्ताओं ने मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा के तीन वर्ष से अधिक के सफल कार्यकाल पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने रेखांकित किया कि कैसे मुख्य न्यायाधीश के दूरदर्शी नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता और संवेदनशीलता ने संस्थान की कार्यसंस्कृति को एक नई दिशा दी।
वक्ताओं ने उनके कार्यकाल के प्रमुख विकास कार्यों और पहलों को याद करते हुए बताया कि:
* तकनीकी नवाचार व अधोसंरचना: उच्च न्यायालय की कार्यप्रणाली को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने के लिए आर्काइव एवं डिजिटलाइजेशन सेंटर की स्थापना की गई।
* कर्मचारी कल्याण: कर्मचारियों व उनके परिवारों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए झूलाघर का उन्नयन, डिस्पेंसरी का विस्तार, और आवासीय कॉलोनी में बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
* सेवा संबंधी निर्णय: कर्मचारियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियां, पदोन्नति (प्रमोशन) और स्थायीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा किया गया।
* सांस्कृतिक व सामाजिक जुड़ाव: राष्ट्रीय पर्वों, महिला दिवस और दीपावली जैसे आयोजनों में सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित कर पूरे उच्च न्यायालय परिसर में एक पारिवारिक सौहार्द और आत्मीयता का वातावरण तैयार किया गया।
* ऐतिहासिक पड़ाव: उच्च न्यायालय के प्रतिष्ठित सिल्वर जुबली समारोह का सफल आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा नवीन सभागार के निर्माण हेतु भूमिपूजन जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी उनके कार्यकाल की स्थायी पहचान बने।
कर्तव्यनिष्ठा और निरंतर प्रगतिशील रहने का दिया संदेश
अपने आशीर्वचन में माननीय मुख्य न्यायाधिपति ने जीवन और दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करते हुए निरंतर प्रगतिशील रहने और न्याय प्रणाली के सुचारू संचालन में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं
विदाई समारोह में रजिस्ट्री परिवार की ओर से मुख्य न्यायाधीश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सुदीर्घ जीवन की मंगलकामना की गई। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि उनके कार्यकाल में जनहित और कर्मचारी हित में लिए गए नीतिगत निर्णय सदैव स्मरणीय रहेंगे।
कार्यक्रम का मंच संचालन उच्च न्यायालय की कर्मचारी श्रीमती यामिनी पाटनवार ने किया। मुख्य न्यायाधिपति के कार्यकाल के प्रमुख संस्मरणों और विवरणों की प्रस्तुति कु. तिलिमा साहू द्वारा दी गई, जबकि कार्यक्रम के समापन पर आभार प्रदर्शन श्री अभिनव गौरहा ने किया।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!