Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

चाय की ललक ने बचाई जान! नेपाल की त्रासदी से सकुशल लौटे रायपुर के दिनेश ने सुनाया रूह कंपा देने वाला मंजर

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
60 Views 5 Min Read 0 Comments
चाय की ललक ने बचाई जान! नेपाल की त्रासदी से सकुशल लौटे रायपुर के दिनेश ने सुनाया रूह कंपा देने वाला मंजर

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार

रायपुर। दोस्तों के साथ नेपाल की यात्रा पर गए रायपुर निवासी दिनेश ठाकुर सकुशल वापस लौट आए हैं। नेपाल में आई भीषण त्रासदी के दौरान उन्होंने जो भयावह मंजर अपनी आंखों से देखा, उसे याद कर आज भी उनकी रूह कांप उठती है। दिनेश के मुताबिक, यात्रा के दौरान चाय पीने के लिए कुछ मिनट रुकना उनके और उनके दोस्तों के लिए जिंदगी बचाने वाला फैसला साबित हुआ।

 

चाय पीने के लिए रुके और बदल गया पूरा मंजर

 

माना कैंप निवासी दिनेश ठाकुर ने बताया कि वे नारायण सेन, दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत और यतेंद्र प्रकाश के साथ 21 अगस्त को नेपाल गए थे। 26 अगस्त की सुबह वे मालेखू में चाय पीने के लिए करीब 10 से 15 मिनट रुके थे।

 

इसी दौरान अचानक भगदड़ मच गई। देखते ही देखते आगे मौजूद पुल बाढ़ के तेज बहाव में बह गया। अगर वे उस समय वहां से आगे निकल गए होते, तो हालात बेहद भयावह हो सकते थे।

 

आंखों के सामने बह गईं गाड़ियां और घर

 

दिनेश ने बताया कि उन्होंने अपने चारों दोस्तों के साथ अपनी आंखों के सामने गाड़ियों, घरों और लोगों को नदी के तेज बहाव में बहते और डूबते देखा। चारों तरफ चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल था।

 

बाढ़ और बिगड़ते हालात के बीच पांचों दोस्तों ने दो रातें अपनी कार में गुजारीं। करीब 30 से 40 घंटे की कठिन परिस्थितियों के बाद वे किसी तरह पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन कर सके।

 

दिनेश ने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि वे भगवान के दर्शन करने के बाद सुरक्षित लौट सके।

 

राखी के मौके पर स्थानीय महिला सुरक्षाकर्मियों ने बांधी राखी

 

नेपाल में फंसे होने के दौरान राखी का त्योहार भी आया। हालात को देखते हुए दोस्तों ने अपने परिवारों को पहले ही बता दिया था कि वे समय पर घर नहीं लौट पाएंगे।

 

इसी दौरान नेपाल की स्थानीय महिला सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें राखी बांधी। इस मुश्किल और खौफनाक सफर के बीच राखी का यह पल सभी के लिए बेहद भावुक रहा।

 

सरकार और परिवार के संपर्क में रहे

 

दिनेश ने बताया कि मुश्किल हालात के बावजूद वे लगातार सरकार और प्रशासन के संपर्क में रहे। इंटरनेट सेवा चालू रहने के कारण उनका परिवार और दोस्तों से संपर्क बना रहा। इसी वजह से परिजनों को उनकी स्थिति की जानकारी मिलती रही।

 

लंबे और भयावह सफर के बाद दिनेश ठाकुर और उनके चारों साथी आखिरकार सकुशल रायपुर लौट आए। नेपाल की इस यात्रा ने उन्हें जिंदगी की कीमत और मुश्किल वक्त में धैर्य बनाए रखने का ऐसा अनुभव दिया, जिसे वे शायद कभी नहीं भूल पाएंगे।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos