रिपोर्ट अभिषेक कुमार पाण्डेय ,स्टेट रिपोर्टर
चाकूबाजों और नशे के कारोबारियों पर बिलासपुर पुलिस का शिकंजा, 50 से अधिक ठिकानों पर रेड
हथियार लेकर घूमने वालों और नशे के अवैध कारोबारियों के संबंध में हुई सघन पूछताछ, आदतन अपराधियों को दी सख्त चेतावनी
बिलासपुर। जिले में बढ़ती चाकूबाजी और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने बिलासपुर पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 50 से अधिक आदतन चाकूबाजों, नशे के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों और अन्य आदतन अपराधियों के संभावित ठिकानों पर विशेष रेड एवं चेकिंग की।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ क्षेत्र में हथियार लेकर घूमने वाले लोगों और नशे के अवैध कारोबार से जुड़े व्यक्तियों की जानकारी जुटाना रहा।
50 से अधिक ठिकानों पर पहुंची पुलिस टीम
विशेष अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने चिह्नित अपराधियों के निवास एवं संभावित ठिकानों पर पहुंचकर सघन चेकिंग की। इस दौरान संबंधित व्यक्तियों से उनके क्षेत्र में हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्ध लोगों, नशे का अवैध कारोबार करने वालों और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की गई।
पुलिस ने पूछताछ के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां भी जुटाईं और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत
चेकिंग के दौरान आदतन अपराधियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक या असामाजिक गतिविधि में शामिल न हों। पुलिस ने उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
वहीं, संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधियों की आशंका वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के प्रावधानों के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
चाकूबाजों और नशे के कारोबारियों पर रहेगी नजर
बिलासपुर पुलिस द्वारा चाकूबाजी में संलिप्त अपराधियों तथा नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की सघन चेकिंग और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस ने आम लोगों से की अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि उनके क्षेत्र में यदि कोई व्यक्ति हथियार लेकर संदिग्ध तरीके से घूमता है, नशे का अवैध कारोबार करता है या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अपराध और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस द्वारा सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!