चरित्र शंका में शिक्षक ने की पत्नी की हत्या, कुल्हाड़ी और डंडे से किया हमला
जशपुर, 8 नवंबर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के रंगपुर गांव में पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, चरित्र पर संदेह को लेकर एक शिक्षक ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी और डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी शिक्षक ने स्वयं थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपी शिक्षक कोलोराम बगीचा विकासखंड के बालक आश्रम लरंगा में पदस्थ था। वह छात्रावास अधीक्षक का प्रभार भी संभाल रहा था। बताया जा रहा है कि दीपावली की रात आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और चरित्र शंका को लेकर पत्नी के साथ विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट की और कथित तौर पर गांव में घुमाकर भी उसकी पिटाई की।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शिक्षक स्वयं बगीचा थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विक्रांत सोम पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के संबंध में आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!