Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

ग्रीष्मकालीन धान की खेती से करें परहेज, कम पानी वाली दलहन-तिलहन फसलों को अपनाएं किसान

State Head - H.R.SAHU
State Head - H.R.SAHU
5 Min Read 0 Comments
Chhattisgarh local news
Chhattisgarh local news

✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

 

भूजल संरक्षण के लिए कृषि विभाग की अपील, चना, मूंग, उड़द, मसूर और सूरजमुखी की खेती पर जोर

 

महासमुंद, 23 नवंबर 2026। जिले में लगातार गिरते भूजल स्तर और भविष्य में संभावित पेयजल संकट को देखते हुए प्रशासन ने किसानों से ग्रीष्मकालीन रबी धान की खेती नहीं करने की अपील की है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा किसानों को धान के स्थान पर कम पानी में तैयार होने वाली लाभकारी दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

 

उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप ने बताया कि जिले की मिट्टी और सिंचाई की उपलब्धता के अनुसार किसान चना, मूंग, उड़द, मसूर, तिवड़ा, रागी, मक्का, सूरजमुखी और सरसों जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकालीन धान की फसल में अत्यधिक सिंचाई की आवश्यकता होती है, जिससे भूजल का तेजी से दोहन होता है। इसका असर गर्मी के दिनों में आम नागरिकों और मवेशियों के लिए पेयजल उपलब्धता पर भी पड़ सकता है।

 

फसल विविधीकरण से मिट्टी की उर्वरता और किसानों की आय को मिलेगा लाभ

 

कृषि विभाग के अनुसार, लगातार धान की खेती करने से मिट्टी के पोषक तत्वों में कमी आती है और उत्पादन लागत भी बढ़ती है। इसके विपरीत दलहन एवं तिलहन फसलों में धान की तुलना में काफी कम पानी की आवश्यकता होती है। बाजार में इन फसलों की अच्छी मांग और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी की सुविधा से किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है।

 

दलहनी फसलों की जड़ों में मौजूद विशेष जीवाणु वायुमंडलीय नाइट्रोजन को मिट्टी में स्थिर करने में मदद करते हैं। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और अगली फसल में रासायनिक उर्वरकों पर होने वाला खर्च कम हो सकता है।

 

प्रमाणित बीजों पर अनुदान और किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन

 

उप संचालक कृषि श्री कश्यप ने बताया कि फसल विविधीकरण अपनाने वाले किसानों को शासन की योजनाओं में प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही उन्नत किस्मों के प्रमाणित बीजों पर विशेष अनुदान भी दिया जा रहा है। कृषि विभाग का मैदानी अमला किसानों को वैकल्पिक फसलों की खेती के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहा है।

 

उन्होंने किसानों से अपील की है कि भविष्य में जल संकट की स्थिति से बचने और भूजल संरक्षण में सहयोग देने के लिए ग्रीष्मकालीन धान की बुवाई से परहेज करें तथा कम पानी वाली दलहन एवं तिलहन फसलों को अपनाएं। बीज एवं विस्तृत जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा विकासखंड कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

State Head - H.R.SAHU
Written by

State Head - H.R.SAHU

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos