Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

गौरव दिवस 22नवम्बर 2026 पर विशेष

State Head - MANOJ
State Head - MANOJ
5 Min Read 0 Comments
गौरव दिवस 22नवम्बर 2026 पर विशेष

गौरव दिवस 22नवम्बर 2026 पर विशेष 
              *******
कालापानी की सजा प्राप्त छत्तीसगढ़-पश्चिम ओड़िशा के 


प्रथम क्रांतिकारी शहीद लालसाय मांझी 
  लेखक -चुन्नीलाल साहू, पूर्व सांसद, महासमुंद लोकसभा क्षेत्र

ये उन दिनों की बात है, जब देश अंग्रेजों का गुलाम था और पश्चिम ओड़िशा का बहुत बड़ा इलाका छत्तीसगढ़ में शामिल था.आज से लगभग 166 साल पहले 1860 में इस इलाके में ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ़ जनता ने विद्रोह किया था और इस विद्रोह के नायक थे लालसाय मांझी, जिन्हें  अंग्रेज सरकार ने 22 नवम्बर 1860 को कालापानी की सजा सुनाकर अंडमान निकोबार द्वीप भिजवा दिया था, जहाँ से वे कभी अपनी मातृभूमि जीवित वापस नहीं आ सके. 

     वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा थे, जिनकी याद में छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती पश्चिम ओड़िशा के तानवट (नुआपाड़ा )में ग्रामवासियों और क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों ने हर साल 22 नवम्बर को गौरव दिवस मनाने का सिलसिला शुरू कर दिया है. उन्होंने वहाँ शहीद लाल साय मांझी स्मृति परिषद का भी गठन किया है.
इस वर्ष रविवार 22 नवम्बर 2026 को वहाँ गौरव दिवस का आयोजन किया जाएगा . आज़ादी की लड़ाई में शहीद हुए लालसाय मांझी की ऐतिहासिक भूमिका को याद करने के लिए ग्राम तानवट में गौरव दिवस का यह दूसरा वर्ष होगा.यह गाँव नुआपाड़ा जिले में खरियार रोड के पास स्थित है.यह भी उल्लेखनीय है कि वर्ष 1860 में ग्राम तानवट छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अंतर्गत महासमुंद तहसील का हिस्सा था. इसे देखते हुए हम कह सकते हैं कि लालसाय मांझी कालापानी की सजा पाने वाले तत्कालीन अविभाजित छत्तीसगढ़ और वर्तमान पश्चिम ओड़िशा के प्रथम क्रांतिकारी थे.


    स्वतंत्रता संग्राम में लालसाय मांझी के योगदान को याद करने के लिए इस अंचल की तत्कालीन ऐतिहासिक पृष्ठ भूमि को भी देखना होगा. वर्ष 1857 के प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान छत्तीसगढ़ में सोनाखान के वीर नारायण सिंह ने क्रांति का शंखनाद किया था, जिन्हें 10 दिसम्बर 1857 को रायपुर में फाँसी दे दी गई थी. उनकी शहादत के बाद उनके ससुर माधोसिंह बरिहा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ़ संघर्ष की कमान संभाली, जो घेस के जमींदार थे. घेस वर्तमान बरगढ़ जिले में मुम्बई -कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोहेला के पास है. यह राष्ट्रीय राजमार्ग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से  पिथौरा, बसना और सरायपाली होते हुए ओड़िशा के सम्बलपुर इलाके से होकर गुजरता है.उन दिनों यह ज़मींदारी सम्बलपुर में शामिल थी. छत्तीसगढ़ में वीर नारायण सिंह की शहादत के बाद घेस ज़मींदार माधोसिंह बरिहा ने  अपने सहयोगियों के साथ इस सिंघोड़ा घाटी के पास मुख्य मार्ग की नाकेबंदी कर दी. माधोसिंह सम्बलपुर के क्रांतिवीर सुरेन्द्र साय के समर्थक थे. मार्ग खुलवाने के लिए अंग्रेजों की फ़ौज वहाँ पहुँची, जिनके साथ माधोसिंह का भयानक युद्ध हुआ. यह लड़ाई लगभग दस महीने तक चली. इसी बीच माधोसिंह के छोटे बेटे ऐरीसिंह को अंग्रेजों ने एक पहाड़ी में घेर कर ज़िंदा जला दिया और कुछ दिनों के बाद माधोसिंह को 31दिसम्बर 1858 को सम्बलपुर के जेल चौक में फाँसी दे दी. अब उनके तीनों बेटों ने संघर्ष जारी रखा  
      अंग्रेज सरकार ने शहीद वीर नारायण सिंह के पुत्र गोविन्द सिंह को 16 अगस्त 1859 को रिहा कर दिया. रिहाई के बाद गोविन्द सिंह ने देवरी के ज़मींदार महाराज साय को अपने पिता की मौत का ज़िम्मेदार मानकर उससे बदला लेने का संकल्प लिया  वे अपने मामा लोगों के सम्पर्क में आए  उनसे सहयोग का आश्वासन मिला. वीर सुरेन्द्र साय के निर्देशन में कुंजल सिंह और गोविन्द सिंह 120 घुड़सवार सैनिकों को साथ लेकर देवरी के ज़मींदार पर हमला कर दिया. गोविन्द सिंह और उनके मामा कुंजल सिंह ने मिलकर 10 मई 1860 को महाराज साय का वध कर दिया. इस घटना से अंग्रेज हुकूमत बौखला गई उसने गोविन्द सिंह और कुंजल सिंह पर क्रमशः 500 रूपए और 250 रूपए का इनाम घोषित किया. साथ ही यह फरमान भी जारी कर दिया कि कोई भी राजा या ज़मींदार अपने यहाँ गोविन्द सिंह और कुंजल सिंह को शरण नहीं देगा.
  वीर सुरेन्द्र साय की सेना के साथ गोविन्द सिंह और कुंजल सिंह ने पाइकमाल (नृसिंहनाथ ) के घने जंगलों से होते हुए खरियार क्षेत्र के तानवट ज़मींदार लालसाय मांझी से सहयोग मांगा, जिन्होंने उन्हें आश्रय प्रदान किया. उन्हें खरियार के राजा कृष्ण चन्द्र देव का भी परोक्ष समर्थन था.अंग्रेजों की सेना जून के अंतिम दिनों में लालसाय मांझी को गिरफ्तार करने निकली, लेकिन धरमबाँधा के समीप तोर्रा गाँव तक पहुँचने के बाद वह अचानक हुई घनघोर बारिश में, नदी -नालों में उफान की वज़ह से फँस गई. बरसात के मौसम के ख़त्म होने तक ब्रिटिश सेना तोर्रा गाँव में तम्बू लगाकर रहने लगी. दिनांक 6नवम्बर 1860 को अंग्रेज सैनिकों ने लालसाय मांझी को पकड़ने पहला आक्रमण किया, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा. फिर 8 नवम्बर 1860 को अंग्रेज फ़ौज ने तीन दिशाओं से  हमला किया, लेकिन लालसाय मांझी की गोरिल्ला युद्ध की रणनीति के चलते उसे एक बार फिर पराजय का मुँह देखना पड़ा.
 अब अंग्रेज हुकूमत ने कूटनीति का सहारा लिया और बंगाल के गवर्नर के माध्यम से खरियार के राजा कृष्णचन्द्र देव पर दबाव बनाया कि वे  लालसाय मांझी का समर्पण करवाएं, नहीं तो उन्हें पद से हटा दिया जाएगा. इधर अंग्रेजों ने तानवट गाँव के किसानों के पशुओं को कांजी हाउस में बंद करते हुए खेतों में खड़ी धान की फसलों में आग लगाना शुरू कर दिया. किसानों की इस मुश्किल भरी पीड़ा से लालसाय मांझी बहुत व्यथित हुए.अब उनके सामने दो ही रास्ते थे. या तो लड़ते -लड़ते वीर गति को प्राप्त करें या नहीं तो अपने किसानों के हित में समर्पण. उन्होंने अंग्रेजों की सेना के सामने झुकने के बजाय राजा कृष्णचन्द्र देव के सामने समर्पण करना उचित समझा. लालसाय मांझी ने सुरेन्द्र साय, गोविन्द सिंह और कुंजल सिंह को माड़ागुड़ा से सुनाबेड़ा के पहाड़ में सुरक्षित पहुँचाकर 22नवम्बर 1860 को खरियार के राजा कृष्णचंद्र देव के सामने समर्पण कर दिया. राजा ने उन्हें अंग्रेज  सेना के कैप्टन वॉलेंस के हवाले कर दिया.

क्रांतिकारी योद्धा लालसिंह को  बंदी बनाकर सम्बलपुर ले जाया गया और वहाँ से कालापानी की सजा के लिए अंडमान भेज दिया गया. लालसाय वहाँ से फिर कभी अपनी मातृ भूमि वापस नहीं आ पाए.
      भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की यह एक महत्वपूर्ण घटना है, जिसकी कड़ियाँ पश्चिम ओड़िशा के साथ -साथ छत्तीसगढ़ से भी जुड़ी हुई है.
                            -चुन्नीलाल साहू 
                     पूर्व सांसद, महासमुंद लोकसभा क्षेत्र (छत्तीसगढ़ )

State Head - MANOJ
Written by

State Head - MANOJ

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos