गोद में बच्चा, हाथ में जीत का जुनून - छिंदगढ़ में बस्तर ओलंपिक बना गांव का सबसे बड़ा त्योहार
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर - मनोज कुमार भट्ट
सुकमा / छिंदगढ़ - बस्तर ओलंपिक ने इस बार वो तस्वीर दिखाई है, जो कभी सोची भी नहीं गई थी। छिंदगढ़ के मैदान में महिलाएं अपने दुधमुंहे बच्चों को गोद में लिए पहुंचीं, और फिर कबड्डी और रस्साकसी में ऐसी हुंकार लगाई कि पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा।
ये वही इलाका है, जहां कभी नक्सल का डर था, अब वहां खेल का उत्सव है।
बस्तर ओलंपिक 2026-27 की क्लस्टर स्तरीय स्पर्धा में दूर-दूर के गांवों से खिलाड़ी आए हैं। युवा ही नहीं, महिलाएं और बुजुर्ग भी मैदान में उतर रहे हैं। गांव-गांव में अब चर्चा खेल की हो रही है, डर की नहीं।
‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ - इसी नारे के साथ ये आयोजन हो रहा है।
डब्बा जैसे पहुंचविहीन गांव से कबड्डी खेलने आईं दीपिका मुचाकी ने कहा, ऐसे आयोजनों से गांव के लोग एक-दूसरे से जुड़ते हैं, और युवाओं को अपनी ताकत दिखाने का मौका मिलता है।
इस बार जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे जैसे खेल हो रहे हैं।


Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!