हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
रिपोर्टर - गौतम रंगारी
ब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा)
कुल 100 क्विंटल धान जप्त, कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत होगी वैधानिक कार्रवाई
दंतेवाड़ा, 26 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने तथा अवैध धान भंडारण और अनधिकृत विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार 25 नवंबर को विकासखंड गीदम में विभिन्न व्यापारियों के गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन व्यापारियों से कुल 200 बोरी करीब 100 विंटल धान जप्त किया गया।
खाद्य अधिकारी सुश्री वेणुका ध्रुव एवं सहायक खाद्य अधिकारी श्रीमती प्रीति पाण्डेय के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त जांच दल ने गीदम के व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं गोदामों का निरीक्षण कर धान के भंडारण से संबंधित दस्तावेजों और उपलब्ध स्टॉक की जांच की। इस दौरान कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर मेसर्स पवन ट्रेडर्स गीदम से 110 बोरी (55 क्विंटल), मेसर्स शिवहरे ब्रदर्स से 50 बोरी (25 क्विंटल) तथा मेसर्स गणेश ट्रेडर्स से 40 बोरी (20 क्विंटल) धान जप्त किया गया। कार्रवाई के दौरान खाद्य निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार सोनवानी, खाद्य निरीक्षक श्री हिमांशु केशरवानी, मंडी सचिव गीदम श्री एमएस मण्डावी एवं मंडी उपनिरीक्षक श्री बालमुकुंद यादव शामिल रहे। जप्त किए गए धान के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण कलेक्टर (खाद्य शाखा) के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उपार्जन केंद्रों की नियमित निगरानी की जा रही है। जिले के पंजीकृत किसानों से सहकारी समितियों के माध्यम से निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप औसत अच्छी गुणवत्ता (एफएक्यू) का धान खरीदा जा रहा है। खरीदी केंद्रों में अमानक एवं खराब गुणवत्ता का धान पाए जाने पर नियमानुसार उसे अस्वीकृत कर किसानों को निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप धान लाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रत्येक धान उपार्जन केंद्र में निगरानी समिति गठित की गई है। किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं खरीदी प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए नोडल अधिकारियों तथा ट्रस्टेड पर्सन की नियुक्ति भी की गई है।
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने तथा अवैध भंडारण, अनियमितता एवं नियमों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन बनाए रखने के लिए निरीक्षण और निगरानी की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!