Home /
खबरे काम की /
गिरजाबंद मंदिर रोड पर चाकू लहराकर राहगीरों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत पुलिस की कार्रवाई
गिरजाबंद मंदिर रोड पर चाकू लहराकर राहगीरों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत पुलिस की कार्रवाई
रिपोर्ट: आशीष यादव
जिला संवाददाता – हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
रतनपुर, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)
ब्रेकिंग न्यूज़ | रतनपुर
गिरजाबंद मंदिर रोड पर चाकू लहराकर राहगीरों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत पुलिस की कार्रवाई
रतनपुर। धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रतनपुर पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू दिखाकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू भी बरामद कर जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
वहीं, पुलिस ने एक अन्य मामले में नशे की हालत में सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने वाले युवक के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
गिरजाबंद मंदिर रोड पर चाकू दिखाकर फैला रहा था दहशत
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को थाना रतनपुर पुलिस को सूचना मिली कि गिरजाबंद मंदिर रोड पर एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह चाकू दिखाकर लोगों में भय का माहौल उत्पन्न करने की सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए चाकू दिखाकर लोगों को डराने वाले युवक रवि उर्फ विक्की विश्वकर्मा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को थाना लाकर उसके विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई तथा उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
सिलदहा चौक पर नशे की हालत में शांति भंग करने वाले युवक पर भी कार्रवाई
इसी दिन रतनपुर पुलिस की एक अन्य टीम द्वारा सिलदहा क्षेत्र में पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान सिलदहा चौक पर एक युवक शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करते हुए पाया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की पहचान अभिषेक डगर्जी के रूप में की और उसे पकड़कर थाना रतनपुर लाया।
पुलिस ने युवक के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए माननीय तहसील न्यायालय के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तार एवं कार्रवाई की जद में आए युवकों का विवरण
1. रवि उर्फ विक्की विश्वकर्मा
पिता – बलदाउ विश्वकर्मा
उम्र – 37 वर्ष
निवासी – रेस्ट हाउस के पास रतनपुर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर।
कार्रवाई – धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट।
2. अभिषेक डगर्जी
पिता – चंद्रमणी डगर्जी
उम्र – 19 वर्ष
निवासी – सिलदहा, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर।
कार्रवाई – धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई।
पुलिस टीम का रहा विशेष योगदान
उक्त दोनों कार्रवाइयों में थाना रतनपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल आर., आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर एवं राजेन्द्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सार्वजनिक शांति एवं सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्ती
रतनपुर पुलिस की इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, राहगीरों को डराने-धमकाने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त रुख अपना रही है। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ की अपील: आम नागरिकों से आग्रह है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, हथियार लेकर घूमने वाले व्यक्ति या सार्वजनिक शांति भंग करने की घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
Written by
DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!