✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
जिला रिपोर्टर जगेश्वर पटेल गरियाबंद
गरियाबंद, 16 नवंबर 2026
जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से सोमवार को गांधी मैदान गरियाबंद में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजिम विधायक श्री रोहित साहू ने की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, 4 दलों को 15-15 हजार का पुरस्कार
समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा करमा नृत्य, लोककला और पारंपरिक विरासत पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर प्रभारी मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले 4 स्कूली दलों को 15-15 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को किया नमन
मंत्री श्री बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने जल, जंगल, जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार जनजातीय समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। देश के सर्वोच्च पद पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का होना जनजातीय समाज के लिए गौरव की बात है।
मंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को आवास, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा से जोड़ा जा रहा है। वहीं धान खरीदी में प्रति एकड़ 21 क्विंटल की अनिवार्यता नहीं होने से कम उत्पादन वाले जनजातीय किसानों को भी पूरा लाभ मिलेगा।
विधायक रोहित साहू बोले - अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
राजिम विधायक श्री रोहित साहू ने कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि गरियाबंद के छुरा व अन्य वनांचल क्षेत्रों में पहले आवागमन मुश्किल था, अब सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से विकास पहुंच रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव, सर्व आदिवासी समाज जिलाध्यक्ष श्री उमेन्दी कोर्राम, श्री टीकम नागवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!