*गरियाबंद में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए मेगा शिविर, कलेक्टर रणबीर शर्मा बोले - हर बच्चे को मिले इलाज और समावेशी शिक्षा*
*हमर प्रदेश सीजी न्यूज
रिपोर्टर जागेश्वर पटेल गरियाबंद*
विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू की है। कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा के निर्देश और मार्गदर्शन में आज जिला चिकित्सालय गरियाबंद में जिला स्तरीय मेगा शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर समग्र शिक्षा कार्यक्रम के तहत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लगाया गया। प्रथम चरण में गरियाबंद, छुरा और फिंगेश्वर विकासखंड के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शामिल कर उनकी जांच, जरूरतों का आकलन और उपचार की संभावनाएं देखी गईं।
कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा स्वयं शिविर में पहुंचे, बच्चों से संवाद किया और उनकी समस्याएं जानी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि -
1. जिन बच्चों का इलाज संभव है, उनका हरसंभव प्रयास कर इलाज कराया जाए।
2. जरूरतमंद बच्चों को आर्थिक मदद दी जाए।
3. पालकों को इलाज के लिए प्रेरित किया जाए ताकि कोई बच्चा वंचित न रहे।
कलेक्टर ने सिविल सर्जन और जिला मिशन समन्वयक को निर्देश दिया कि ऐसे सभी बच्चों की सूची तैयार करें जिसमें बीमारी, इलाज की जरूरत और संभावित उपचार की जानकारी हो।
उन्होंने कहा कि ये प्रयास केवल शिविर तक सीमित न रहे, बल्कि इन बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास पर लगातार काम हो। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और समावेशी शिक्षा के तहत हर बच्चे को उसकी क्षमता के अनुसार सुविधा मिले।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक शिवेश शुक्ला, सहायक परियोजना अधिकारी बुधविलास सिंह, बीईओ गजेंद्र ध्रुव, सहायक समन्वयक योगेश पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर, शिक्षक और बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!