✍️हमर प्रदेश सीजी न्यूज
जिला रिपोर्टर जागेश्वर पटेल गरियाबंद
*गरियाबंद पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन, मंत्री टंकराम वर्मा बोले - छत्तीसगढ़ राज्य जनता के लंबे संघर्ष और संकल्प का परिणाम*
राजिम विधायक रोहित साहू ने दी 26 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की बधाई, विकास प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गरियाबंद जिले के पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव 2024 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना और राष्ट्रीय व राजकीय गीत के गायन के साथ हुआ। इसके बाद मंत्री श्री वर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं की विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को सामग्री, उपकरण, चेक एवं दिव्यांगजनों को ट्राईसिकल का वितरण किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। स्कूली बच्चों द्वारा लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक परिधानों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
*मंत्री टंकराम वर्मा का संबोधन:*
अपने संबोधन में मंत्री वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना जनता के लंबे संघर्ष और संकल्प का परिणाम है। 26 वर्षों की इस यात्रा में प्रदेश ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में देश व राज्य आत्मनिर्भरता और समृद्धि की ओर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याण की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। नई सरकार द्वारा सड़क, बिजली, पानी, चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रधानमंत्री की गारंटी पूरी हो रही है। युवाओं के लिए रोजगार सृजित किए जा रहे हैं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति का क्रियान्वयन और किसानों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। ग्राम सुराज, आदिवासी विकास प्राधिकरण का लाभ जिले को मिल रहा है और नक्सलवाद की समाप्ति से प्रदेश में खुशहाली की रफ्तार बढ़ी है। गरियाबंद जिले की आदिवासी संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, भूतेश्वरनाथ मंदिर और जतमई धाम जिले की विशेष पहचान हैं।
*विधायक रोहित साहू ने दी शुभकामनाएं*
जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में राजिम विधायक रोहित साहू ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और राज्य के 26 वर्षों की यात्रा को जनसहभागिता एवं विकास की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हमारे सपनों का साकार रूप है, जिसने गाँव-गरीब, किसान, महिला एवं युवा वर्ग के उत्थान के लिए नई दिशा दी है। राज्य बनने के बाद गरियाबंद जिले ने शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और ग्रामीण विकास में उल्लेखनीय प्रगति की है।
जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि पंचायत स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण विकास की गति तेज हुई है। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने छत्तीसगढ़ के इतिहास और जिले की उपलब्धियों, वन संपदा और पर्यटन स्थलों की जानकारी दी।
*ये रहे मौजूद:*
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, जनपद पंचायत गरियाबंद अध्यक्ष सोहन ध्रुव, राजिम नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, कोपरा नगर पंचायत अध्यक्ष रूपनारायण साहू, जनपद देवभोग अध्यक्ष पदमलया निधि, नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, पूर्व अध्यक्ष श्वेता शर्मा, आशीष शर्मा, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!