हमर प्रदेश सीजी न्यूज
रिपोर्टर जागेश्वर पटेल गरियाबंद
*गरियाबंद: पीवी ऐप की गड़बड़ी, वेतन विसंगति और दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में गरियाबंद सहित प्रदेश भर के पटवारी 13 अक्टूबर से हड़ताल पर*
छत्तीसगढ़ में राजस्व विभाग के सबसे अहम कड़ी माने जाने वाले पटवारियों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। पीवी ऐप में लगातार आ रही तकनीकी खामियों, वेतन विसंगति, पदोन्नति में देरी और साथी कर्मचारियों पर हो रही दमनात्मक कार्रवाई से नाराज होकर छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ ने 13 अक्टूबर 2026 से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान कर दिया है।
संघ द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट लिखा गया है कि शासन-प्रशासन को कई बार ज्ञापन और पत्र के माध्यम से पीवी ऐप की खामियों के बारे में अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
*क्या है पीवी ऐप का पूरा मामला?*
शासन द्वारा फसलों के भौतिक सत्यापन और डिजिटल क्रॉप सर्वे के लिए पीवी ऐप लागू किया गया है। इसके साथ ही एग्रीस्टैक पंजीयन और किसान पंजीयन का काम भी इसी ऐप से करना है। पटवारियों का आरोप है कि ऐप में सर्वर की समस्या, लोकेशन की गड़बड़ी और तकनीकी खामियां इतनी ज्यादा हैं कि फील्ड में जाकर काम करना मुश्किल हो जाता है। कई जगह नेटवर्क नहीं होने से फोटो अपलोड नहीं होती और काम अधूरा रह जाता है।
*पेंड्रा-मरवाही और महासमुंद में कार्रवाई से आक्रोश*
इस ऐप की खामियों के चलते ही पेंड्रा-मरवाही और महासमुंद जिले के पटवारियों ने इसका बहिष्कार किया था। संघ का आरोप है कि काम का बहिष्कार करने पर पेंड्रा-मरवाही जिले में पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया और महासमुंद जिले में कुछ पटवारियों को निलंबित कर दिया गया। संघ ने इस कार्रवाई को दमनात्मक बताते हुए तुरंत वापस लेने की मांग की है।
*वेतन विसंगति और पदोन्नति भी बड़ा मुद्दा*
केवल पीवी ऐप ही नहीं, बल्कि वेतन विसंगति और पदोन्नति भी इस आंदोलन का बड़ा कारण है। संघ का कहना है कि कई जिलों में पदोन्नति के लिए फाइलें जानबूझकर लटका कर रखी गई हैं। इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। लंबे समय से वेतन विसंगति की मांग भी पूरी नहीं हुई है।
*13 अक्टूबर से क्या होगा असर?*
अगर 13 अक्टूबर से हड़ताल शुरू होती है तो इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा। पटवारियों के हड़ताल पर जाने से आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, खसरा-खतौनी की नकल, नामांतरण, बंटवारा जैसे सभी राजस्व कार्य ठप हो जाएंगे। किसानों को भी सबसे ज्यादा परेशानी होगी।
फिलहाल संघ ने राजस्व सचिव, सभी जिला कलेक्टरों और जिला अध्यक्षों को पत्र भेजकर आंदोलन की जानकारी दे दी है। अब देखना होगा कि शासन इस पर क्या फैसला लेता है
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!