Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

गुम सेवा पुस्तिका पर डेढ़ साल बाद भी कार्रवाई नहीं, 23 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट में धरना देंगी विधवा

State Head - MANOJ
State Head - MANOJ
5 Min Read 0 Comments
गुम सेवा पुस्तिका पर डेढ़ साल बाद भी कार्रवाई नहीं, 23 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट में धरना देंगी विधवा

गुम सेवा पुस्तिका पर डेढ़ साल बाद भी कार्रवाई नहीं, 23 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट में धरना देंगी विधवा

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ ने दिया समर्थन, शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

⏭️जगदलपुर/बस्तर। शिक्षा विभाग की कथित लापरवाही और लंबित कार्रवाई से परेशान एक दिवंगत कर्मचारी की विधवा ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितालूर, विकासखंड बकावंड में सहायक ग्रेड-2 के पद पर कार्यरत रहे स्वर्गीय रघुराज दास की सेवाकाल के दौरान 15 अप्रैल 2025 को मृत्यु हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि उनकी मृत्यु के बाद मूल सेवा पुस्तिका और पासबुक पुस्तिका गुम हो गईं। मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने और द्वितीय सेवा पुस्तिका तैयार कर प्रकरण का निराकरण नहीं किए जाने से नाराज उनकी पत्नी सुप्रिया दास 23 अक्टूबर 2026 को कलेक्ट्रेट परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष शांतिपूर्ण धरने पर बैठेंगी।

बार-बार गुहार के बाद भी नहीं हुआ निराकरण

ग्राम छोटे गारावंड खुर्द निवासी सुप्रिया दास ने कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी को पत्र सौंपकर धरना प्रदर्शन की सूचना दी है। उनका कहना है कि उन्होंने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के समक्ष कई बार अपनी समस्या रखी, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिली है। विभाग की ओर से मूल नस्ती उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है, जबकि उनके पुत्र द्वारा विद्यालय से अंकसूची और दाखिल-खारिज से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

परिजनों के अनुसार, घटना के बाद से करीब डेढ़ वर्ष बीतने के बावजूद न तो कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हुई और न ही द्वितीय सेवा पुस्तिका तैयार कर मामले का समाधान किया गया। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और पेंशन प्रक्रिया में हो रही देरी के बीच लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने से परेशान होकर सुप्रिया दास ने धरने का निर्णय लिया है।

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ ने दिया समर्थन

मामले को लेकर नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कल्याण संघ (शिक्षा विभाग), जिला बस्तर ने भी समर्थन जताया है। संघ के जिला अध्यक्ष उमेश मेश्राम और जिला सचिव लोकेश साहू ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सुप्रिया दास के प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।

संघ का कहना है कि सुप्रिया दास के पुत्र अनूप दास भी शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारी हैं। संघ ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों के साथ भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए संगठन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। संघ ने जरूरत पड़ने पर समस्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के आंदोलन में शामिल होने की बात कही है।

सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग

संघ ने जिला प्रशासन से 23 अक्टूबर को प्रस्तावित धरना प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन और शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं तथा दिवंगत कर्मचारी की सेवा पुस्तिका से जुड़े प्रकरण का निराकरण कब तक हो पाता है।

परिजनों और कर्मचारी संघ को उम्मीद है कि धरना प्रदर्शन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित होगा और लंबित प्रकरण पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।

State Head - MANOJ
Written by

State Head - MANOJ

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos