✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग, 29 अगस्त 2026। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जिले के 50 से अधिक मध्यम एवं बड़े गणेश पंडाल समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, ध्वनि नियंत्रण और विसर्जन व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, सीएसपी दुर्ग हर्षित मेहर, सीएसपी भिलाई नगर निशांत पाठक और सीएसपी छावनी प्रशांत सिंह पैकरा सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पंडालों में CCTV और सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य
पुलिस ने गणेश पंडाल समितियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रवेश-निकास द्वार, मुख्य मूर्ति स्थल, पार्किंग और वेटिंग एरिया में पर्याप्त संख्या में CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए। रात के समय पंडाल और मूर्ति की सुरक्षा के लिए समिति के कम से कम दो सदस्यों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया।
महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग प्रवेश-निकास एवं कतार की व्यवस्था करने तथा पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष सुरक्षा गार्ड या वॉलेंटियर रखने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क पर न बनेगा पंडाल, न पार्किंग
पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में सड़क अथवा आवागमन के मार्ग को बाधित कर पंडाल या पार्किंग नहीं बनाई जाएगी। समितियों को पहले से पार्किंग स्थल चिन्हित कर व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
अनधिकृत रूप से पार्किंग शुल्क वसूली पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
वहीं, झूला, मनोरंजन उपकरण अथवा झांकी में तकनीकी मशीनरी का उपयोग करने वाली समितियों को संबंधित विभाग से तकनीकी प्रमाण-पत्र प्राप्त कर उसे संबंधित थाने में जमा कराने के निर्देश दिए गए।
फायर और इलेक्ट्रिसिटी ऑडिट जरूरी
प्रत्येक गणेश पंडाल में फायर ऑडिट, सुरक्षा ऑडिट और इलेक्ट्रिसिटी ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पंडाल में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण, रेत और पानी की व्यवस्था रखने को कहा गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर अथवा ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने पर उपकरण जब्त करने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विसर्जन झांकी के लिए भी नियम तय
गणेश विसर्जन के दौरान समितियों को पुलिस द्वारा निर्धारित मार्ग का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। निर्धारित मार्ग के अलावा किसी अन्य रास्ते से विसर्जन झांकी ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रत्येक विसर्जन झांकी में अधिकतम 3 वाहन रखने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें गणेश वाहन, झांकी वाहन और जनरेटर/डीजे वाहन शामिल होंगे। झांकी की अधिकतम ऊंचाई 15 फीट निर्धारित की गई है।
प्रत्येक झांकी में कम से कम 8 वॉलेंटियर रखना अनिवार्य होगा और उनकी सूची पहले से पुलिस को उपलब्ध करानी होगी।
हथियार और आपत्तिजनक गीतों पर प्रतिबंध
विसर्जन के दौरान हथियार, भाला, तलवार, डंडा अथवा अन्य शस्त्र रखने पर प्रतिबंध रहेगा। नकली तलवार रखने पर भी रोक रहेगी।
झांकी एवं कार्यक्रम के दौरान केवल धार्मिक गीतों की अनुमति होगी। अश्लील, आपत्तिजनक या अप्रिय गीत बजाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नशा और जबरन चंदा वसूली पर सख्ती
दुर्ग पुलिस ने गणेश पंडाल और विसर्जन झांकी के दौरान नशे का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित किया है। वहीं, जबरन चंदा वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति के साथ मामले में संलिप्त समिति के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने वाली समितियों को कार्यक्रम की सूचना कम से कम एक दिन पहले संबंधित थाने में देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की व्यवस्था की जा सके।
पुलिस ने समितियों और नागरिकों से की सहयोग की अपील
दुर्ग पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों और आम नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
पुलिस ने कहा कि यातायात व्यवस्था, ध्वनि मानकों, सुरक्षा नियमों और विसर्जन के निर्धारित मार्ग का पालन करने में सभी समितियां सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को दें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!