CG News: गट्टासिल्ली-करैहा सड़क बदहाल, 12 से अधिक गांवों के लोग परेशान; प्रशासन से मरम्मत की मांग...
जयकिशन साहू...हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
धमतरी। गट्टासिल्ली से करैहा तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी करीब 9 किलोमीटर लंबी सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और डामर उखड़ने से गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। इससे स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और राहगीरों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग से आमदी, सांकरा, चिवर्री, आरमुड़ा, सारंगपुरी, करैहा, कुम्हड़ाकोट, अर्जुनी, नयापारा सहित कांकेर जिले के भनसुली, बरेठीनबाहरा और आमापारा समेत 12 से अधिक गांवों के लोग आवागमन करते हैं। नगरी ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने के लिए भी यह एक प्रमुख मार्ग है।
भारी वाहनों के दबाव से सड़क हुई जर्जर
करैहा के सरपंच राधेश्याम नेताम के मुताबिक, रायपुर-विशाखापट्टनम भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के दौरान इस क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही बढ़ी। इससे गट्टासिल्ली-करैहा मार्ग पर दबाव बढ़ा और सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रशासन से तत्काल मरम्मत की मांग
सड़क की बदहाली के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। सरपंच राधेश्याम नेताम ने जिला प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु हो सके।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!