✍️ गिरवर साहू स्टेट रिपोर्टर – हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
महासमुंद, 02 सितंबर 2026। महासमुंद जिले में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) की जमीनी हकीकत जानने के लिए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह स्वयं खेतों में पहुंचे और सर्वे प्रक्रिया का मौके पर अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं सर्वेयरों को सर्वे कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने महासमुंद अनुविभाग के उप तहसील तुमगांव के ग्राम बेंद्रीडीह, खैरझिटी तथा पटेवा उप तहसील के ग्राम तोरला में ग्रामीणों के खेतों में पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया देखी। उन्होंने सर्वेयरों से फील्ड में आने वाली समस्याओं और चुनौतियों के संबंध में भी जानकारी ली।
इस दौरान महासमुंद एसडीएम सुश्री अक्षा गुप्ता, बागबाहरा एसडीएम श्री शुभम देव सहित संबंधित तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी मौजूद रहे।
📱 कलेक्टर ने स्वयं किया डिजिटल क्रॉप सर्वे
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री लंगेह बागबाहरा विकासखंड के ग्राम पतेरापाली एवं दारगांव पहुंचे। यहां उन्होंने स्वयं डिजिटल क्रॉप सर्वे करते हुए डिजिटल माध्यम से फसल संबंधी जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया को समझा और सर्वे कार्य की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली।
कलेक्टर ने कहा कि सर्वे के दौरान प्रत्येक खेत और फसल की जानकारी सही एवं सटीक दर्ज होना बेहद जरूरी है। किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए अधिकारी और सर्वेयर पूरी गंभीरता एवं सावधानी से कार्य करें।
📊 जिले में 9.70 लाख से अधिक प्लॉट चिन्हांकित
जिले की 6 तहसीलों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य जारी है। जिले में कुल 9 लाख 70 हजार 925 प्लॉट्स चिन्हांकित किए गए हैं, जिनमें से 94.32 प्रतिशत प्लॉट्स असाइन किए जा चुके हैं। अब तक करीब 5 लाख 33 हजार प्लॉट्स का सर्वे पूरा किया जा चुका है।
कलेक्टर ने सभी पटवारियों को सर्वे कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ अप्रूवल रेट बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य जिले में शत-प्रतिशत पूर्ण किया जा सके।
प्रशासन का फोकस: सही खेत, सही फसल और सही डिजिटल रिकॉर्ड—ताकि किसानों से जुड़ी योजनाओं एवं राजस्व संबंधी कार्यों में सटीक जानकारी का उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!