ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
धमतरी/नगरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच नगरी क्षेत्र से धान बिक्री में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। ग्राम सांकरा निवासी प्रेमनारायण सिन्हा ने कलेक्टर धमतरी को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि ग्राम हिंछापुर निवासी तरुण सिन्हा, पिता मोहनलाल सिन्हा के नाम दर्ज खसरा नंबर 124 की 0.48 हेक्टेयर कृषि भूमि पर फसल खड़ी होने के बावजूद 15 नवंबर 2026 को टोकन कटवाकर सांकरा उपार्जन केंद्र में धान बेच दिया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जिस खेत की फसल अभी काटी ही नहीं गई थी, उसी जमीन के नाम पर धान की बिक्री दर्ज की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि खेत में धान खड़ा होने के बावजूद चोरी से धान लाकर उपार्जन केंद्र में बेचा गया। इस मामले में शिकायतकर्ता ने फर्जीवाड़े के तहत अपराध दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
19 नवंबर को हुआ मौके का निरीक्षण
मामले में 19 नवंबर 2026 को संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण किए जाने का उल्लेख भी दस्तावेज में है। निरीक्षण से जुड़े हस्तलिखित पंचनामा/रिपोर्ट में ग्राम हिंछापुर स्थित संबंधित कृषि भूमि का मौके पर निरीक्षण किए जाने की बात दर्ज है। दस्तावेजों में खसरा नंबर 124 और करीब 0.48 हेक्टेयर भूमि का उल्लेख है।
शिकायत के साथ किसान की डीएस पोर्टल संबंधी जानकारी और खेत में खड़ी फसल की जियो-टैगिंग वाली तस्वीरें भी संलग्न किए जाने की बात पत्र में दर्ज है।
अब जांच की रिपोर्ट पर टिकी नजर
मामला इसलिए गंभीर है क्योंकि शिकायत में खेत में फसल की स्थिति और उसी भूमि के नाम पर धान बिक्री के बीच विरोधाभास का सवाल उठाया गया है। यदि जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो धान खरीदी प्रक्रिया में फर्जी पंजीयन अथवा गलत तरीके से धान खपाने की आशंका की जांच जरूरी होगी।
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत और मौके पर किए गए निरीक्षण के आधार पर क्या कार्रवाई करता है और धान बिक्री की पूरी प्रक्रिया की जांच में वास्तविकता क्या सामने आती है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!