खुलेआम चाकू-गुफ्ती लहराकर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार: सरकंडा पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर घेराबंदी कर दबोचा
बिलासपुर:
शहर के सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर आम जनता में खौफ पैदा करने वाले असमाजिक तत्वों पर सरकंडा पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दो अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर धारदार चाकू और गुफ्ती के साथ दो बदमाशों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
राहगीरों को डराने-धमकाने की मिली थी सूचना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (DIG/SSP) रजनेश सिंह के निर्देशन, एएसपी (शहर) पंकज पटेल और सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में पेट्रोलिंग पर थी। 3 सितंबर को गश्त के दौरान मुखबिर से खबर मिली कि अशोक नगर तालाब और डबरीपारा रोड पर दो युवक धारदार हथियारों के साथ मौजूद हैं और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका कर दहशत पैदा कर रहे हैं।
पुलिस ने की घेराबंदी, मौके पर ही दबोचे गए आरोपी
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीमें गठित कर दोनों स्थानों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
* अफजल खान (23 वर्ष), पिता अख्तर खान — निवासी सफेद बिल्डिंग 70/01, अशोक नगर अटल आवास, थाना सरकंडा
* दीपक श्रीवास उर्फ मान्या (25 वर्ष), पिता हेमंत श्रीवास — निवासी मकान नं. 2, ब्लॉक 70, पानी टंकी के पास, अशोक नगर अटल आवास, थाना सरकंडा
हथियार जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेजने की तैयारी
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू और एक खतरनाक गुफ्ती बरामद की गई। सार्वजनिक स्थल पर हथियार रखने व लहराने के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत न करने पर पुलिस ने दोनों हथियारों को विधिवत जब्त कर लिया।
थाना सरकंडा में दोनों आरोपियों के खिलाफ पृथक-पृथक धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि शहर में गुंडागर्दी और दहशत फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!