✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर – किशोर कुमार
भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खुर्सीपार क्षेत्र में हेरोइन बिक्री के कथित रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने जोन-3 जीरो स्ट्रीट स्थित एक मकान में दबिश देकर 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद की। मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को थाना खुर्सीपार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोन-3 क्षेत्र में अवैध रूप से हेरोइन की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक महिला आरोपी भागने का प्रयास करने लगी, जिसे टीम ने पकड़ लिया।
29.22 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस द्वारा मकान की तलाशी लेने पर 70.460 ग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14.09 लाख रुपये बताई गई है, बरामद हुई। इसके अलावा हेरोइन बिक्री से प्राप्त 2.35 लाख रुपये नकद, करीब 71.35 ग्राम सोने के 19 आभूषण, चांदी के आभूषण एवं बर्तन, 8 मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 29.22 लाख रुपये है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने जसबीर कौर उर्फ सोनू (25 वर्ष), नितेश सोनी (32 वर्ष) और तिरकेश निषाद (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
वहीं, मामले में शामिल दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(ख) एवं 27A के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस इस मामले में हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!