अभिषेक कुमार पाण्डेय , स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़
'खाकी' पर 2 लाख की घूस का दाग: महिला की अस्मत से खिलवाड़ करने वाले आदतन बदमाश को थाने से ही छोड़ दिया मुचलके पर! चाकू लहराकर दे रहा धमकी, IG तक पहुंची गुहार
एक तरफ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पूरे प्रदेश में नारी सम्मान और 'महतारी गौरव' के दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ न्यायधानी की सिविल लाइन पुलिस की कार्यशैली पर बेहद सनसनीखेज आरोप लगे हैं। थाने के प्रभारी पर आरोप है कि उन्होंने महिला के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के आदतन आरोपी से 2 लाख रुपये की मोटी घूस लेकर उसे थाने से ही 'मुचलका जमानत' का वीआईपी ट्रीटमेंट देकर चलता कर दिया। अब वह आदतन बदमाश खुलेआम चाकू लहराते हुए पीड़िता के परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा है।
घर में घुसकर अस्मत लूटने का प्रयास, फिर खाकी की मेहरबानी?
घटना के अनुसार, लिंक रोड स्थित नटराज होटल के सामने रहने वाला कुख्यात बदमाश पंकज रेड्डी एक परिचित के घर उस वक्त जा घुसा जब पीड़िता के पति अपने मित्र की शादी में शामिल होने शहर से बाहर गए थे। अकेली महिला को पाकर आरोपी ने उसकी अस्मत पर हाथ डालने की कोशिश की। आला अधिकारियों के दखल के बाद एफआईआर तो दर्ज हुई, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने कानून के रक्षकों पर ही गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
'दो लाख में पुलिस खरीद ली है': खुलेआम घूमकर दे रहा धमकी
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय आरोपी को खुली छूट दे दी। इसके बाद आरोपी के हौसले इतने बुलंद हो गए कि वह अपने साथियों के साथ पीड़िता के देवर की दुकान पर जा धमका। आरोप है कि उसने खुलेआम चाकू लहराते हुए धमकाया— "मैंने सिविल लाइन टीआई को दो लाख रुपये देकर जमानत ले ली है, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।" शिकायत वापस न लेने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी जा रही है।
एक तरफ 'महतारी गौरव', दूसरी तरफ पीड़िता पर सितम
प्रदेश सरकार जहां वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाकर मातृशक्ति की सुरक्षा और सम्मान का दंभ भर रही है, वहीं जमीनी हकीकत यह है कि गंभीर अपराध की शिकार महिला को न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। थाने स्तर पर लीपापोती से हताश पीड़िता ने अब बिलासपुर आईजी की चौखट पर दस्तक देकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
अब देखना यह है कि पुलिस कप्तान और रेंज आईजी इस पूरे रिश्वत और संरक्षण के गंभीर मामले पर क्या सख्त रुख अपनाते हैं और खाकी पर लगे इस बदनुमा दाग की निष्पक्ष जांच कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेजते हैं या नहीं।
Hamar pradesh CG
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!