✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बाजार स्थित महामाया क्लॉथ स्टोर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से दुकान और गोदाम में रखा लाखों रुपये का कपड़ा जलकर राख हो गया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
त्योहार सीजन के लिए रखा था कपड़ों का स्टॉक
जानकारी के अनुसार कसडोल निवासी जुगत राम साहू का महामाया क्लॉथ स्टोर है। त्योहारों के सीजन को देखते हुए दुकान और गोदाम में बड़ी मात्रा में नए कपड़ों का स्टॉक रखा गया था।
रविवार रात अचानक दुकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान और गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ा आग की चपेट में आ चुका था।
आग इतनी भीषण थी कि कपड़ों का अधिकांश स्टॉक जलकर राख हो गया। आग से दुकान के अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। नुकसान का वास्तविक आकलन जांच और सामान के मूल्यांकन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
कसडोल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद व्यापारियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!