✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर कलावती
रायपुर। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल बंटवारे के विवाद को लेकर अब समाधान की उम्मीद बढ़ी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री और अधिकारियों के बीच दिल्ली में चर्चा हुई है और मामला केंद्रीय जल आयोग (CWC) के समक्ष रखा गया है। उन्होंने जल्द समाधान निकलने की उम्मीद जताई है।
मुख्यमंत्री साय रविवार को ओडिशा दौरे पर रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि महानदी जल विवाद को लेकर दोनों राज्यों के बीच बातचीत हुई है और आगे की प्रक्रिया केंद्रीय जल आयोग के माध्यम से जारी है।
30 जुलाई को दिल्ली में हुई थी अहम बैठक
महानदी जल विवाद को लेकर 30 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ बैठक हुई थी। बैठक में केंद्रीय जल आयोग और दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए थे। केंद्र ने संवाद, तकनीकी सहयोग और सहकारी संघवाद के माध्यम से सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में आगे बढ़ने पर जोर दिया था।
21 सितंबर की बैठक पर नजर
विवाद को लेकर दोनों राज्यों की तकनीकी टीमों के बीच बातचीत जारी है। रिपोर्टों के अनुसार 21 सितंबर को केंद्रीय जल आयोग की बैठक में महानदी जल बंटवारे के संभावित ढांचे से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर चर्चा होनी है। महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण की अगली सुनवाई 28 सितंबर को निर्धारित है।
ओडिशा दौरे पर CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ओडिशा दौरे पर रवाना हुए हैं, जहां उनकी मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री साय पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन भी करेंगे और प्रदेश की खुशहाली की कामना करेंगे।
महानदी जल विवाद का स्थायी समाधान दोनों राज्यों के लिए महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में आगामी तकनीकी बैठकों और दोनों राज्यों के बीच जारी संवाद पर अब सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!