✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तीन दिन से लापता सात वर्षीय बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बच्ची का शव रजगामार क्षेत्र में करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं, अनाचार की आशंका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
राशन दुकान से सामान लेने निकली थी बच्ची
जानकारी के अनुसार, बच्ची के पिता करीब चार महीने पहले अपने परिवार के साथ मजदूरी करने के लिए रजगामार आए थे। बताया जा रहा है कि 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे बच्ची घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लेने निकली थी।
काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास और गांव में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
तीन दिन बाद झाड़ियों में मिला शव
बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने के बाद बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और डॉग स्क्वायड की मदद से भी खोजबीन की।
करीब तीन दिन बाद गुरुवार को बच्ची का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला। शव मिलने की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
हत्या और अनाचार की आशंका पर जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस के
मुताबिक, अनाचार की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बच्ची की मौत के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!