✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
29 अगस्त को ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे डॉक्टर, संपर्क नहीं होने पर आवास पहुंचे कर्मचारी
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित ESIC अस्पताल में पदस्थ एक 30 वर्षीय डॉक्टर की मौत से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। डॉक्टर का शव अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास में मिला। सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, डॉक्टर 29 अगस्त 2026 को अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। अस्पताल के स्टाफ ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। शाम तक संपर्क नहीं होने पर कर्मचारी उनके आवास पहुंचे। वहां डॉक्टर का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके से जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में डॉक्टर के व्यक्तिगत संबंधों से जुड़े संभावित विवाद का एक एंगल भी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
करीब एक साल पहले हुई थी कोरबा में पोस्टिंग
बताया गया है कि मृतक डॉक्टर मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे। करीब एक वर्ष पहले उनकी पोस्टिंग कोरबा स्थित ESIC अस्पताल में हुई थी और तब से वे यहां पदस्थ थे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!