महासमुन्द, 20 अगस्त 2026। राष्ट्रीय एवं राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण महासमुन्द के संयुक्त तत्वावधान में शहीद वीर नारायण सिंह कोडार डेम में बाढ़ आपदा को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य बाढ़ की स्थिति में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का पूर्वाभ्यास करना, जिले की आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखना और आम नागरिकों को बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना था।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मौके पर पहुंचकर मॉक ड्रिल का जायजा लिया और अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट दिनेश रावटे के मार्गदर्शन में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) एवं नगर सेना की संयुक्त टीम ने बाढ़ की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल के दौरान SDRF के जवानों ने नाव, मोटरबोट और रस्सी की सहायता से बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की तकनीक का प्रदर्शन किया। तेज बहाव में फंसे व्यक्तियों को रेस्क्यू जैकेट, ट्यूब एवं रस्सी के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास भी कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। पशुपालन विभाग ने बाढ़ के दौरान मवेशियों को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने की जानकारी दी। विद्युत विभाग ने बाढ़ की स्थिति में विद्युत आपूर्ति बंद करने तथा बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने की आवश्यकता बताई। वहीं, PHE विभाग ने सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने और जलजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
मॉक ड्रिल के माध्यम से नागरिकों को बताया गया कि बाढ़ आने पर तत्काल ऊंचे एवं सुरक्षित स्थान पर पहुंचें। बिजली के खंभों और तारों से दूरी बनाए रखें तथा केवल सुरक्षित पेयजल का उपयोग करें। आवश्यकता होने पर पानी को उबालकर पीने की सलाह दी गई। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को प्राथमिकता से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन दल के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
इस दौरान अपर कलेक्टर रवि साहू, उप पुलिस अधीक्षक सुशील नायक, SDM अक्षा गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर तेजपाल सिंह ध्रुव, तहसीलदार जुगल किशोर पटेल सहित स्वास्थ्य, पशुपालन, पुलिस, राजस्व, PHE, खाद्य, समाज कल्याण एवं विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
मॉक ड्रिल के जरिए प्रशासनिक अमले ने बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई का अभ्यास किया। साथ ही आम नागरिकों को आपदा के दौरान सुरक्षित रहने और बचाव के प्रभावी उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
गिरवर साहू
स्टेट रिपोर्टर, हमर प्रदेश न्यूज छत्तीसगढ़
मो.: 9165340227
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!