केशकाल में पुलिस का बड़ा धमाका, राजस्थान से आया गांजा तस्कर धराया
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार
केशकाल / ओडिशा से राजस्थान तक गांजा पहुंचाने वाले बड़े रैकेट पर केशकाल पुलिस ने करारा प्रहार किया है। चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से इतना गांजा निकला कि पुलिस भी हैरान रह गई।
मंगलवार को मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी लगाई थी। जैसे ही ओडी नंबर की सिल्वर XUV-500 आई, पुलिस ने उसे रोक लिया। पहले तो चालक सामान्य दिखने की कोशिश करता रहा, लेकिन जब गाड़ी की गहन तलाशी हुई तो खेल खुल गया।
गाड़ी में छिपा था 2 करोड़ का माल
कार की पिछली सीट और डिक्की में भूरे टेप से लिपटे 78 बंडल ठूंस-ठूंस कर भरे थे। जब वजन हुआ तो 407 किलो से ज्यादा गांजा निकला। बाजार में इसकी कीमत 2 करोड़ से ऊपर बताई जा रही है। गाड़ी समेत कुल जब्ती 2 करोड़ 18 लाख से ज्यादा की हुई।
सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि गाड़ी में राजस्थान नंबर की एक फर्जी नंबर प्लेट भी रखी थी। आरोपी दो नंबर प्लेट बदल-बदल कर पुलिस को चकमा दे रहा था।
किसके निर्देश पर हुई कार्रवाई
ये पूरी कार्रवाई एसपी पंकज चंद्रा के आदेश पर हुई। एडिशनल एसपी कपिल चंद्रा और एसडीओपी अरुण कुमार नेताम लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे। मैदान में थाना प्रभारी रितेश मिश्रा की टीम ने घेराबंदी की।
टीम में कुंवल सिंह शोरी, भगत सिंह नेताम, सुरेश मरकाम, ईश्वर नेताम और संजय बिसेन शामिल थे।
अब जेल भेजा गया आरोपी
पकड़े गए आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ख) में केस दर्ज किया गया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब ये पता लगा रही है कि ये माल किसे पहुंचाया जाना था और इसके पीछे और कितने लोग जुड़े हैं।
पुलिस का कहना है - केशकाल रूट से तस्करी करने वालों की अब खैर नहीं, चेकिंग और तेज होगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!