✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग, 30 सितंबर 2026। केंद्रीय जेल दुर्ग में अधिवक्ता और बंदियों के बीच विधिक मुलाकात की व्यवस्था को लेकर की गई शिकायत पर जेल मुख्यालय ने संज्ञान लिया है। अधिवक्ता सौरम चौबे द्वारा की गई शिकायत में अधिवक्ता-बंदी की गोपनीयता, मुलाकात के दौरान कथित अनाधिकृत निजी व्यक्तियों की मौजूदगी, अधिवक्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा फुल ड्रेस में उपस्थित होने के निर्देश सहित विभिन्न बिंदुओं का उल्लेख किया गया है।
शिकायत में अधिवक्ताओं के लिए पृथक, सुरक्षित एवं सम्मानजनक मुलाकात व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग भी की गई थी।
जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़ मुख्यालय, सेक्टर-19 नवा रायपुर से महानिदेशक द्वारा 30 सितंबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक 8162/शिकायत/जे.मु./2026 में आवेदक अधिवक्ता सौरम चौबे को उनके द्वारा 1 सितंबर 2026 को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए आवेदन के संबंध में जानकारी दी गई है।
पत्र में बताया गया है कि जेल मुख्यालय द्वारा पूर्व में पत्र क्रमांक 7426/शिकायत/जे.मु./2026 दिनांक 03 सितंबर 2026 के माध्यम से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, दुर्ग को शिकायत में उल्लेखित बिंदुओं की जांच किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी से कराकर उचित कार्रवाई करने तथा जांच प्रतिवेदन जेल मुख्यालय को भेजने का अनुरोध किया गया था।
जेल मुख्यालय के पत्र के अनुसार, संबंधित पूर्व पत्र की छायाप्रति भी सुलभ संदर्भ के लिए संलग्न की गई है।
वहीं, 30 सितंबर को जारी पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, दुर्ग तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग को भी सूचनार्थ एवं यथोचित कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
अब मामले में संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की जांच और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
📍 दुर्ग | 30 सितंबर 2026
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!