✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बड़ी खबर | किसानों के लिए राहत की खबर
डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित धान के रकबे के आधार पर मिलेगी आदान सहायता राशि, कम धान बेचने पर भी मिलेगा योजना का लाभ
महासमुंद, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए कृषक उन्नति योजना के तहत धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि देने का प्रावधान किया है। यह राशि डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित धान के रकबे के आधार पर प्रदान की जाएगी। योजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, कृषि लागत कम करना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार महासमुंद जिले में खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए कुल 159 समितियों के माध्यम से 1 लाख 62 हजार 566 किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन किया गया है। इन किसानों की कुल भूमि का रकबा 2,35,394.44 हेक्टेयर तथा धान का रकबा 2,16,503.22 हेक्टेयर दर्ज किया गया है।
डिजिटल क्रॉप सर्वे के आधार पर मिलेगी सहायता राशि
योजना का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है, एग्रीस्टैक में पंजीकृत हैं तथा उनके बोए गए धान के रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे पूरा हो चुका है। धान बीज उत्पादन में शामिल किसान भी योजना के पात्र होंगे।
हालांकि, पंजीकृत ट्रस्ट, मंडल, प्राइवेट लिमिटेड कंपनी और शाला विकास समिति जैसी संस्थाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। अनुदान का भुगतान कृषि भूमि सीलिंग कानून के प्रावधानों के अधीन किया जाएगा।
2.5 एकड़ में धान की खेती पर मिलेंगे 34,597.50 रुपये
योजना के तहत सहायता राशि डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित धान के रकबे के अनुसार दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी किसान ने 2.5 एकड़ में धान की खेती की है और पूरे रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे हो चुका है, तो उसे प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से कुल 34,597.50 रुपये की सहायता राशि मिलेगी।
खास बात यह है कि किसानों के लिए धान की निर्धारित मात्रा का पूरा विक्रय करना अनिवार्य नहीं है। किसान यदि कम मात्रा में भी धान बेचते हैं, तब भी डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता राशि पाने के पात्र रहेंगे।
एग्रीस्टैक पंजीयन और आवेदन करना अनिवार्य
कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य है। धान विक्रय के लिए टोकन जारी कराते समय किसानों को निर्धारित प्रारूप में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत आदान सहायता राशि प्राप्त करने के लिए आवेदन भी करना होगा।
जिन क्षेत्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का डाटा उपलब्ध नहीं है, वहां कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता राशि प्रदान की जा सकेगी। योजना की राशि किसानों के आधार लिंक बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से जमा की जाएगी।
किसानों से समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपना एग्रीस्टैक पंजीयन सुनिश्चित करें और धान विक्रय के समय निर्धारित प्रारूप में आवेदन अवश्य करें। किसानों को यह ध्यान रखना होगा कि निर्धारित मात्रा में पूरा धान बेचना जरूरी नहीं है। डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित धान के रकबे के आधार पर उन्हें प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता राशि मिल सकती है।
इसलिए किसान समय रहते पंजीयन और आवेदन की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करें, ताकि योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!