✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर कलावती
दुर्ग। किसानों की आय में वृद्धि और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा फसल विविधीकरण एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसी कड़ी में कृषि उत्पादन आयुक्त श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी की अध्यक्षता में दुर्ग संभाग स्तरीय कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीफ 2026 की प्रगति और रबी 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में किसानों को धान के स्थान पर दलहन, तिलहन एवं मिलेट्स की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए प्रति एकड़ 15 हजार रुपये अनुदान का प्रावधान बताया गया।
इसके अलावा आगामी धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अमानक बीज एवं कीटनाशक बेचने तथा बिना लाइसेंस इनका विक्रय करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के साथ किसानों को कृषि उपकरणों के संचालन एवं रखरखाव का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया। वहीं उद्यानिकी, पशुपालन, कुक्कुटपालन एवं मत्स्यपालन जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित कर किसानों के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने की बात कही गई।
संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य कृषि का विविधीकरण, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, आधुनिक तकनीकों का विस्तार और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!