ब्लॉक रिपोर्टर - वरुण देव नेताम नगरी, जिला -धमतरी
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
किसानों के हित में भाजपा सरकार प्रतिबद्ध, कृषि उन्नति योजना और फसल विविधीकरण को लेकर दी विस्तृत जानकारी
नगरी/धमतरी प्रदेश में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, कृषि को लाभकारी बनाने और खेती में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भाजपा सरकार लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी क्रम में 21 नवंबर 2026 को भाजपा जिला कार्यालय धमतरी में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं भाटापारा के पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने प्रदेश सरकार की कृषि संबंधी योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए शिवरतन शर्मा ने कहा कि प्रदेश में किसानों का एक-एक दाना धान खरीदा जाएगा। सरकार किसानों के हितों को लेकर गंभीर है। यदि आवश्यकता पड़ी तो धान खरीदी की निर्धारित तिथि को भी आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने किसानों के दुख-दर्द और उनकी समस्याओं को करीब से समझा है तथा किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कृषि उन्नति योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके तहत पात्र किसानों को आदान सहायता राशि 13,839 रुपये एकमुश्त उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। वहीं धान उत्पादक किसानों को अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान की व्यवस्था की गई है।
शिवरतन शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार केवल धान की खेती तक सीमित न रहकर दलहन, तिलहन, मक्का, गन्ना, कोदो, कुटकी एवं रागी जैसी वैकल्पिक फसलों के उत्पादन को भी प्रोत्साहित कर रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, खेती की लागत एवं जोखिम कम करना और कृषि को आर्थिक रूप से अधिक मजबूत बनाना है।
उन्होंने गन्ना उत्पादक किसानों के हित में किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि गन्ने का मूल्य 355 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। इसके साथ ही दलहन एवं तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि छत्तीसगढ़ में कोदो, कुटकी और रागी जैसी मोटे अनाज वाली फसलों के उत्पादन एवं उपार्जन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में इन फसलों की खरीदी 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित है। इससे किसानों को आय के नए अवसर मिलेंगे तथा प्रदेश में मिलेट्स उत्पादन और प्रसंस्करण को नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का मूल उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित करना है। सरकार किसानों के हित में योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रेसवार्ता में रहे उपस्थित
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!