काले पॉलीथिन में नशे का जहर: बिलासपुर के चोरभट्ठी में गांजा बेचती महिला तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार, सलाखों के पीछे पहुंची 'उम्मद बी'
बिलासपुर।
शहर में नशा कारोबारियों के खिलाफ चल रहे ताबड़तोड़ एक्शन के बीच सकरी पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। गांव की गलियों में छिपकर नशे का काला कारोबार चलाने वाली 40 वर्षीय महिला तस्कर उम्मद बी को पुलिस ने रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी महिला बिजली ऑफिस मोड़ के पास खड़े होकर नशाड़ियों को गांजा बेच रही थी। पुलिस ने उसके पास से 15 हजार रुपये का 310 ग्राम गांजा और बिक्री के नकद 270 रुपये जब्त किए हैं।
मुखबिर के सटीक जाल में फंसी महिला तस्कर
बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह के नशा-विरोधी सख्त निर्देशों के तहत सकरी पुलिस नशे के सौदागरों पर लगातार नजर रख रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चोरभट्ठी में उम्मद बी नाम की महिला काले रंग की थैली में गांजा छिपाकर ग्राहक तलाश रही है। सीएसपी परमेश्वर तिलकवार और एएसपी पंकज पटेल के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस की टीम ने बिना वक्त गंवाए बिजली ऑफिस मोड़ पर दबिश दी और महिला को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजा
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसे तुरंत सीज कर लिया गया। सकरी पुलिस ने आरोपी उम्मद बी (पति आसमी खान, उम्र 40 वर्ष) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(A) और 29 के तहत जुर्म दर्ज कर उसे सीधे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है—नशे के धंधे में शामिल कोई भी चेहरा अब कानून की नजर से बच नहीं पाएगा।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!