Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

कार की चाहत में रची अपहरण की झूठी पटकथा! पिता से मांगी 5 लाख की फिरौती, रतनपुर पुलिस ने चंद घंटों में किया चौंकाने वाला खुलासा

State Head - MANOJ
State Head - MANOJ
5 Min Read 0 Comments
कार की चाहत में रची अपहरण की झूठी पटकथा! पिता से मांगी 5 लाख की फिरौती, रतनपुर पुलिस ने चंद घंटों में किया चौंकाने वाला खुलासा

आशीष यादव
जिला संवाददाता, हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
रतनपुर, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)


कार की चाहत में रची अपहरण की झूठी पटकथा! पिता से मांगी 5 लाख की फिरौती, रतनपुर पुलिस ने चंद घंटों में किया चौंकाने वाला खुलासा

रतनपुर, बिलासपुर। महंगी कार खरीदने की जिद जब सिर चढ़कर बोलने लगे, तो इंसान किस हद तक जा सकता है, इसका हैरान कर देने वाला मामला रतनपुर थाना क्षेत्र में सामने आया है। यहां एक नाबालिग ने अपनी मनमानी पूरी कराने के लिए खुद के ही अपहरण की ऐसी झूठी कहानी रच डाली कि पूरा परिवार दहशत में आ गया। नाबालिग ने अपने पिता को मोबाइल पर मैसेज भेजकर अपहरण की सूचना दी और खुद को सुरक्षित छोड़ने के एवज में 5 लाख रुपये की फिरौती मांग ली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई और पिता तत्काल पुलिस की शरण में पहुंचे।

ट्यूशन जाने के बहाने निकला, फिरौती के मैसेज से मचा हड़कंप

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे नाबालिग स्कूटी लेकर ट्यूशन जाने के लिए लखराम गांव निकला था। घर से निकलने के लगभग डेढ़ घंटे बाद सुबह 10:30 बजे उसके मोबाइल नंबर से पिता के मोबाइल पर एक संदेश आया। इसमें उसके अपहरण की बात लिखी गई थी और उसे छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की गई थी।

अपने बेटे के अपहरण और फिरौती की मांग का संदेश देखकर पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। किसी अनहोनी की आशंका से घबराए पिता सुबह करीब 11:30 बजे रतनपुर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

ASP मधुलिका सिंह के नेतृत्व में पुलिस और ACCU टीम ने संभाला मोर्चा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। एएसपी मधुलिका सिंह के नेतृत्व में रतनपुर पुलिस एवं एसीसीयू (ACCU) की टीम नाबालिग की तलाश में जुट गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर पतासाजी शुरू की और मोबाइल लोकेशन सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की।

इसी दौरान ग्राम चौरहा देवरी स्थित तालाब के पास नाबालिग की स्कूटी बरामद हुई। मोबाइल की अंतिम लोकेशन भी इसी क्षेत्र में मिलने से पुलिस की चिंता बढ़ गई। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी रही।

खुद किया पिता को फोन, ग्राम सेलर में मिला सकुशल

तलाश के दौरान नाबालिग ने स्वयं अपने पिता को फोन कर ग्राम सेलर में सुरक्षित होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल ग्राम सेलर पहुंची और मंगलवार शाम करीब 4 बजे उसे सकुशल बरामद कर थाने ले आई। इस तरह पुलिस ने संभावित अपहरण की गुत्थी को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया।

पूछताछ में खुला चौंकाने वाला राज, कार खरीदने के लिए रचा पूरा नाटक

जब पुलिस ने नाबालिग से पूरे घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ की, तो सामने आई सच्चाई ने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, नाबालिग पिछले कुछ दिनों से अपने माता-पिता से कार खरीदने की जिद कर रहा था। परिवार उसकी इस मांग को पूरा करने के लिए तैयार नहीं था। इसी बात से नाराज होकर उसने परिजनों पर दबाव बनाने के उद्देश्य से अपने ही अपहरण की झूठी कहानी तैयार की और पिता से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने का संदेश भेज दिया।

पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इस कथित अपहरण की साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।

परिवार के लिए सबक, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी परेशानी

इस पूरे घटनाक्रम में राहत की बात यह रही कि नाबालिग सुरक्षित मिल गया और किसी वास्तविक अपहरण की घटना सामने नहीं आई। हालांकि, महज कार खरीदने की जिद में खुद के अपहरण का नाटक रचकर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने की यह घटना परिवार और समाज के लिए कई सवाल छोड़ गई है।

यह मामला अभिभावकों के लिए भी एक सीख है कि बच्चों की इच्छाओं, जिद और बदलते व्यवहार को गंभीरता से समझना जरूरी है। वहीं रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा हो गया और परिवार ने राहत की सांस ली।

State Head - MANOJ
Written by

State Head - MANOJ

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos