बिलासपुर:
कांग्रेसी नेता पर सुबह की सैर के दौरान हुए प्राणघातक हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ता को तारबाहर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पड़ोसी देश नेपाल भाग गया था, जिसे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ट्रेस कर दबोच लिया गया।
मॉर्निंग वॉक के दौरान किया गया था हमला
प्रार्थी शिशिर कश्यप द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे उनके पिता रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। उसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए डंडे व नुकीले हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर तारबाहर थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
विवेचना के दौरान पुलिस व साइबर टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और हमलावरों की पहचान संभव हो सकी। मामले में पूर्व में ही चार आरोपियों (नितिन टेकाम, आंचल साहिल, नवीन पटेल और एक अपचारी बालक) को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी फरार था।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी
* नाम: दीपक तिवारी (29 वर्ष)
* पिता: सुनील तिवारी
* पता: वार्ड नंबर 01, पटेराटोला, थाना गौरेला, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (छ.ग.)
नेपाल भाग गया था आरोपी, मोबाइल फोन जब्त
हमले की पूरी साजिश रचने वाला दीपक तिवारी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए देश छोड़कर नेपाल भाग गया था। साइबर सेल और थाना तारबाहर की टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। जैसे ही आरोपी की लोकेशन ट्रैक हुई, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल 01 मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 221/2026 में धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109 एवं 55 बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
✍️अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!