✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को कथित तौर पर विश्नोई गैंग के नाम पर धमकाकर 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का आरोपी शोएब ढेबर फरार हो गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में बुधवार को रायपुर शहर सहित शहर से बाहर कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों के घरों पर भी छापेमारी की है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार विशेष टीमें गठित की हैं। इन टीमों में एसीपी स्तर के अधिकारी, दो थाना प्रभारी (टीआई) सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
विदेशी सिम से मांगी गई थी 25 करोड़ की फिरौती
पुलिस के अनुसार, शोएब ढेबर पर आरोप है कि उसने विदेशी सिम का इस्तेमाल करते हुए लॉरेंस बिश्नोई और अमन साहू गैंग के नाम पर आनंद कुकरेजा के बेटे को मैसेज और व्हाट्सएप कॉल किए और कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी।
जांच के दौरान आरोपी का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसे शनिवार को गिरफ्तार किया था। रविवार को उसे अवकाशकालीन अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई थी।
जमानत के बाद फरार, मोबाइल बंद
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ पूरी नहीं हो पाने के आधार पर जमानत के खिलाफ सेशन कोर्ट में अपील की गई। कोर्ट द्वारा अपील स्वीकार किए जाने और दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने की जानकारी सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, शोएब का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है, जिसके चलते उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। आरोपी की तलाश में दो टीमें शहर से बाहर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जबकि दो टीमें रायपुर शहर में उसके घर और रिश्तेदारों के यहां तलाश कर रही हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!