
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट
कांकेर ब्रेकिंग: लौह खदान में आगजनी कर लाल सलाम पर्चा फेंकने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता सहदेव तुलावी
कांकेर। जिले के लोहत्तर थाना क्षेत्र में लौह खदान के वाहनों में आगजनी और नक्सली पर्चा फेंककर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शुक्रवार को इस कांड का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
*क्या है पूरा मामला?*
मामला लोहत्तर थाना क्षेत्र के चेमल गांव के पास स्थित पुष्प लौह खदान का है। कुछ दिन पहले अज्ञात लोगों ने खदान में खड़े वाहनों में आग लगा दी थी और मौके पर लाल सलाम के नाम से पर्चे फेंक कर फरार हो गए थे। पर्चे मिलने से इलाके में नक्सली वारदात की आशंका से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की थी।
*पुलिस जांच में निकला गांव का ही एंगल*
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, जांच में नक्सली एंगल नहीं बल्कि गांव का आंतरिक विरोध सामने आया। आरोपी अपने गांव बोदेली-एडगुड क्षेत्र में लौह खदान का संचालन नहीं चाहते थे। इसी विरोध के चलते उन्होंने नक्सलियों के नाम का सहारा लेकर खदान प्रबंधन को डराने के लिए आगजनी की साजिश रची और लाल सलाम के पर्चे फेंके।
*गिरफ्तार आरोपी:*
1. सहदेव तुलावी (मुख्य कर्ता-धर्ता)
2. प्रेम सिंह कोरेटी
3. ओम प्रकाश कचलाम
4. बृजलाल सलाम
5. शिवलाल तुलावी
सभी आरोपी बोदेली-एडगुड के निवासी बताए जा रहे हैं।
*किन धाराओं में केस दर्ज?*
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस के तहत आगजनी, संगठित अपराध, पहचान छिपाकर अपराध करने, आपराधिक षड्यंत्र और जान से मारने की धमकी सहित अन्य गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में और भी लोग शामिल हैं।
---
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!